10 से 14 जून तक सभी प्रखंडों में आयोजित होंगे विशेष प्रशिक्षण और उपादान वितरण कार्यक्रम
शिवहर : संयुक्त कृषि भवन, शिवहर के सभागार में आज 'शारदीय (खरीफ) महाभियान 2026' के तहत जिला स्तरीय खरीफ कार्यशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के किसानों को खरीफ मौसम की फसलों की आधुनिक तकनीकों, उन्नत बीजों और सरकारी योजनाओं से अवगत कराना है।
भव्य उद्घाटन और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रीति कुमारी (जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा, शिवहर) एवं अनुराधा रंजन कुमारी (वरीय वैज्ञानिक-सह-प्रधान, कृषि विज्ञान केन्द्र, शिवहर) द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर जिले के तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और कृषि विशेषज्ञ मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल थे- श्री यशवीर कुमार चौधरी (मत्स्य विकास पदाधिकारी, शिवहर); विकास कुमार आजाद (उप परियोजना निदेशक, आत्मा, शिवहर); डॉ० आशीष कुमार श्रीवास्तव (अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, शिवहर); शिखा आनंद (उप निदेशक, कृषि अभियंत्रण, शिवहर); अनिल कुमार (सहायक निदेशक शस्य, बीज उत्पादन-सह-विपणन पदाधिकारी, शिवहर); सगुफ्ता यासमीन (सहायक निदेशक, बीज विश्लेषण, शिवहर); सुमन प्रिया (जिला विपणन पदाधिकारी-सह-विशेष कार्य पदाधिकारी, शिवहर)।
इसके अलावा कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक, सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, प्रखंड व सहायक तकनीकी प्रबंधक, किसान सलाहकार, विभिन्न हितधारक (स्टेक होल्डर्स) और बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसानों ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।
सरकारी योजनाओं और बीज अनुदान पर विस्तृत चर्चा:-कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी श्रीमती प्रीति कुमारी ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने खरीफ 2026-27 के लिए निर्धारित लक्ष्यों को साझा किया और किसानों को समय पर बीज वितरण सुनिश्चित करने की बात कही।
वहीं, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) विकास कुमार आजाद ने 'आत्मा योजना' के तहत चलाई जा रही कृषि विकास योजनाओं और कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा सामने रखी।कार्यक्रम में खरीफ मौसम के दौरान विभिन्न फसलों के उत्पादन लक्ष्य और सरकार द्वारा बीजों पर दिए जा रहे अनुदान (Subsidy) के बारे में भी विस्तार से चर्चा की गई।
वैज्ञानिकों ने दिए 'खेत बचाओ अभियान' और उन्नत खेती के मंत्र:- तकनीकी सत्र के दौरान कृषि विज्ञान केन्द्र, शिवहर के वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने किसानों को खरीफ फसलों के बेहतर उत्पादन से संबंधित महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। वैज्ञानिकों ने मिट्टी की सेहत सुधारने, जैविक खादों के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 'खेत बचाओ अभियान' पर विशेष जोर दिया। किसानों को कम लागत में अधिक मुनाफ़ा कमाने के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए गए।
आगामी कार्यक्रम:- प्रखंड स्तर पर दी जाएगी ट्रेनिंग
शिवहर के किसानों के लिए इस महाभियान को और अधिक सुलभ बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़े कदम उठाए हैं।
विशेष नोट: आगामी 10 जून 2026 से 14 जून 2026 तक जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण-सह-उपादान वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत किसानों को उनके स्थानीय स्तर पर ही सीधे प्रशिक्षण और कृषि सामग्री (उपादान) उपलब्ध कराई जाएगी।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.