पिपराही में 77 स्कूलों के सामाजिक अंकेक्षण से पहले टीम को मिला प्रशिक्षण
शिवहर : जिले के पिपराही प्रखंड संसाधन केंद्र में रविवार को बिहार शिक्षा परियोजना के समग्र शिक्षा अभियान के तहत सामाजिक अंकेक्षण टीम का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ।कार्यक्रम में बिहार शिक्षा परियोजना के मीडिया प्रशिक्षक के.के. वर्मा और सामाजिक अंकेक्षण इकाई के जिला संसाधन सेवी सी.पी. नरेन्द्र नारायण ने सामाजिक अंकेक्षण इकाई में कार्यरत सभी एसआरपी और एआरपी को प्रशिक्षित किया।वही प्रशिक्षण के दौरान समग्र शिक्षा के तहत विद्यालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।टीम को आधारभूत संरचना, पठन-पाठन की गुणवत्ता और अभिभावक, विद्यालय प्रबंधन समिति व शिक्षकों से बातचीत से जुड़े विभिन्न प्रपत्रों को भरने की बारीकियां समझाई गईं। बताया गया कि सामाजिक अंकेक्षण का मुख्य मकसद योजनाओं के क्रियान्वयन में समुदाय की भागीदारी बढ़ाना और कमियों को दूर करना है।पिपराही प्रखंड के कुल 77 विद्यालयों में सामाजिक अंकेक्षण किया जाना है। इसकी शुरुआत पहले चरण में 25 से 29 मई तक धनकौल पंचायत से होगी, जहां प्रा० वि० बुनियादगंज, म० वि० धनकौल, प्रा० वि० बरवार टोला धनकौल, प्रा० वि० धनकौल, प्रा० वि० हरपुरबैल, म० वि० हरपुर और उ० मा० वि० धनकौल सहित सात विद्यालयों में टीम काम करेगी।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता


No Previous Comments found.