संविधान दिवस पर सिद्धार्थनगर पुलिस ने ली राष्ट्र की एकता व अखंडता की शपथ
सिद्धार्थनगर : संविधान दिवस के अवसर पर आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सिद्धार्थनगर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को संविधान की प्रस्तावना, मौलिक कर्तव्यों और भारतीय संविधान में निहित मूल्यों से अवगत कराते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. महाजन ने कहा कि भारत का संविधान देश की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने बताया कि संविधान ही वह शक्ति है जो विविधताओं से भरे इस महान राष्ट्र को एक सूत्र में जोड़कर रखती है। संविधान के कारण ही प्रत्येक नागरिक को पढ़ाई, लिखाई, जीवन और समान अवसरों का अधिकार प्राप्त है।
उन्होंने पुलिस बल को संविधान के आदर्शों को अपने आचरण और दायित्वों में उतारने की प्रेरणा दी तथा कहा कि कानून व्यवस्था की रक्षा करते हुए हर पुलिसकर्मी को देश की एकता, अखंडता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : सुशील कुमार खेतान

No Previous Comments found.