स्वयं बनाई लक्ष्मी जी की मूर्ति का विसर्जन करने गया किशोर नदी में डूबा,ग्राम सभा में पसरा मातम
सिद्धार्थनगर : सिद्धार्थनगर के थाना उसका बाजार क्षेत्र के ग्राम तिघरा में शुक्रवार को लक्ष्मीजी की मूर्ति विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। अपनी ही बनाई देवी लक्ष्मी की मिट्टी की मूर्ति का विसर्जन करने गया 16 वर्षीय किशोर सन्देश पुत्र संतोष नदी में डूब गया। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया।
जानकारी के अनुसार, सन्देश शुक्रवार की दोपहर गांव के पास नदी किनारे भैंस चरा रहा था। इसी दौरान उसने अपनी बनाई हुई लक्ष्मीजी की मूर्ति का विसर्जन करने की इच्छा जताई और कुछ बच्चों के साथ नदी की ओर चला गया। मूर्ति लेकर जैसे ही वह पानी में उतरा, उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गया। देखते ही देखते नदी की तेज धारा उसे बहा ले गई।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। थाना उसका बाजार की पुलिस टीम प्रशासनिक अधिकारियों संग तुरंत मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से देर रात तक सर्च अभियान चलाया गया, पर किशोर का कोई पता नहीं चल सका।
शनिवार सुबह फिर से गोताखोरों की टीम ने नदी में खोजबीन शुरू की और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद सन्देश का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस हृदय विदारक घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में गमगीन माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि नदी का किनारा बेहद फिसलन भरा है और इसी जगह पर पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस स्थान पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।
रिपोर्टर : सुशील कुमार खेतान

No Previous Comments found.