गोवा की सैर लजीज भोजन के बाद सदस्य आएंगे पंचायत अध्यक्ष चुनने

आर0एन0सिंह

बिसवां (सीतापुर)। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के नामांकन के बाद अपने अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए शतरंज की विसात बिछ चुकी है। कौन किसको मात देगा यह 3 जुलाई के मतदान के बाद पता लगेगा। फिलहाल नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य गोवा की सैर इस सुहावने मौसम में कर लजीज भोजन का आनंद उठा रहे हैं। जिला पंचायत सीतापुर का अगर पिछला इतिहास देखा जाए तो सर्वाधिक अध्यक्ष पद पर कांग्रेस, उसके बाद सपा तथा बसपा ने भी एक बार जीत हासिल की। भाजपा आज तक अपना खाता नहीं खोल सकी । अब तक इस सीट पर सुरेश प्रकाश सिंह टिकरा, राम गोपाल मिश्रा, अरिमर्दन सिंह, सुन्दरी राही सभी कांग्रेस इसके बाद महेंद्र वर्मा, जितेंद्र यादव, मधु गुप्ता सभी सपा अध्यक्ष बने। बसपा सरकार के रामहेत भारती ने इस सीट पर कब्जा तो किया पर उन्हें आधे कार्यकाल में ही हटना पड़ा और मधु गुप्ता अध्यक्ष बनी। इस बार भाजपा प्रदेश तथा केंद्र में सरकार होने के नाते सीट को किसी भी हालत में खोना नहीं चाहती है। इसके लिए पार्टी पूरी तरह से सक्रिय है। अध्यक्ष की सीट महिला (अनुसूचित) होने के कारण भाजपा में शामिल हुए शिव कुमार गुप्ता की पुत्र वधू श्रद्धा सागर को अपना प्रत्याशी बनाया है।

उधर सपा ने अनीता राजवंशी पर दांव लगाकर मैदान में उतारा है।  सपा की कमान अखिलेश यादव के नजदीकी एमएलसी आनंद भदौरिया के हाथ में सौपी गई है। परन्तु सपा के लिए रास्ता आसान नहीं है। सत्ता दल के आगे वह कितना टिक पाएंगे कहां नहीं जा सकता है । सपा में कई खेमे भी हैं वही सपा नेताओं का एक बड़ा गुट भी विधायक के साथ नहीं है।  वह अपने बलबूते कितने सदस्यों को मोड पाएंगे बड़ा सवाल है। इसके अलावा दो निर्दलीय प्रत्याशी  चंद्रप्रभा तथा प्रीति सिंह भी मैदान में हैं । चर्चा है इनको बसपा का समर्थन प्राप्त है। बहरहाल सीतापुर जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव काफी रोचक होता जा रहा है कई माननीय की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.