वोर्टेक्स कप 2026 : चूर्क क्लब ने झारखंड को 34 रनों से हराया, राघवेंद्र बने मैन ऑफ द मैच
सोनभद्र : स्थानीय खेल मैदान पर आयोजित प्रतिष्ठित वोर्टेक्स कप 2026 के तीसरे दिन चूर्क क्लब और झारखंड के बीच खेले गए मुकाबले में चूर्क क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड को 34 रनों से पराजित कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी राघवेंद्र को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। मुकाबले में झारखंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चूर्क क्लब की टीम ने निर्धारित 8 ओवरों में 7 विकेट खोकर 72 रन बनाए और झारखंड के सामने 73 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी झारखंड की टीम चूर्क क्लब की अनुशासित गेंदबाजी और सटीक फील्डिंग के सामने संघर्ष करती नजर आई। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण झारखंड की टीम निर्धारित 8 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर केवल 38 रन ही बना सकी। इस प्रकार चूर्क क्लब ने मुकाबला 34 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया।
चूर्क क्लब की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले राघवेंद्र को दलवीर समरा एवं मोहित यादव की ओर से मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किया गया। टूर्नामेंट के सफल संचालन में आयोजन समिति की सक्रिय भूमिका रही। इस दौरान आयोजन अध्यक्ष राजेश पंडित, आयोजन सचिव प्रदीप शर्मा, प्रमुख सहयोगी सोनू राय, विमलेश दीक्षित, फैजल खान, शुभम जायसवाल, आयुष माली, सिद्धार्थ गौतम, आबिद खान एवं मीडिया प्रभारी अजीत प्रताप सिंह मौजूद रहे। मैच को निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने में अंपायर रोशन सिंह और प्रवीण सिंह तथा स्कोरर हिमांशु कुशवाहा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी
No Previous Comments found.