श्री धरणीपुत्र धार्मिक सामाजिक सेवा संस्थान के तत्वावधान में 16 सितंबर को मनाई जाएगी गर्गाचार्य जयंती

उज्जैन। श्री धरणीपुत्र धार्मिक सामाजिक सेवा संस्थान के तत्वावधान में आगामी 16 सितंबर 2026 को श्रद्धा एवं भव्य धार्मिक वातावरण के बीच गर्गाचार्य जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में धर्म, ज्योतिष, कथा, वास्तु एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े विद्वान एवं गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे।

समारोह के मुख्य अतिथि ज्योतिषाचार्य श्री गिरवर गोपाल गर्ग जी, मेवाड़, उदयपुर रहेंगे। इसके साथ ही महंत अमर भारती जी, मंगलनाथ मंदिर, उज्जैन, श्री नरोत्तम व्यास जी, कथा व्यास, जगदीश मंदिर, उदयपुर, वास्तुविद् श्री योगेंद्र कुमार शर्मा, श्री दुर्गा दत्त जी, तारा शक्तिपीठ से श्री कैलाश जी शर्मा, बिजाना सहित अनेक संत, विद्वान एवं समाज के वरिष्ठजन अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान करेंगे। आयोजन में श्री शंकर लाल जी गर्ग, श्री नरेंद्र जी गर्ग, श्री भंवर जी गर्ग, श्री प्रकाश जी गर्ग, श्रीमती नीलम गर्ग एवं श्री दुर्गा प्रसाद शर्मा (मालवा) सहित बड़ी संख्या में समाजजन शामिल होंगे।

सवा लाख महामृत्युंजय जाप एवं शतचंडी महायज्ञ

गर्गाचार्य जयंती के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों का भी आयोजन किया जाएगा। मुख्य यजमान श्री मुकेश शर्मा जी, नोएडा के संकल्प से सवा लाख महामृत्युंजय मंत्र जाप एवं शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न होने वाले इस महायज्ञ की पूर्णाहुति गर्गाचार्य जयंती समारोह के अवसर पर की जाएगी।

आयोजन में विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक परंपरा के अनुसार पूजन, मंत्र जाप, हवन एवं यज्ञ की विधियां संपन्न कराई जाएंगी। श्रद्धालु एवं समाजजन इस धार्मिक आयोजन में सहभागी बनकर पुण्यलाभ प्राप्त करेंगे।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि गर्गाचार्य जयंती महर्षि गर्गाचार्य की ज्ञान परंपरा, ज्योतिष एवं सनातन संस्कृति में उनके योगदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। समारोह के दौरान विद्वानों द्वारा महर्षि गर्गाचार्य के जीवन, ज्योतिषीय ज्ञान एवं धार्मिक परंपराओं में उनके योगदान पर विचार व्यक्त किए जाएंगे।

यह आयोजन शिव धाम के बाजू में स्थित श्री गौड़ धर्मशाला, उज्जैन में आयोजित किया जाएगा। संस्था की ओर से सभी समाजबंधुओं, धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गर्गाचार्य जयंती समारोह एवं महायज्ञ की पूर्णाहुति में सहभागी बनने का आह्वान किया गया है।

रिपोर्टर - यशपाल दीक्षित

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.