येळपणे में स्थानीय अपराध शाखा की बड़ी कार्रवाई; बिक्री के लिए लाया गया 3.137 किलो गांजा जब्त, आरोपी हिरासत में
अहिल्यानगर : अहिल्यानगर जिले में नशे के खिलाफ अभियान के तहत स्थानीय अपराध शाखा ने श्रीगोंदा तहसील के येळपणे गांव में कार्रवाई करते हुए बिक्री के उद्देश्य से रखा गया 3.137 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इस कार्रवाई में 78 हजार रुपये मूल्य का मुद्देमाल भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्री मुम्मका सुदर्शन के निर्देश तथा पुलिस निरीक्षक किरणकुमार कबाड़ी के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा की टीम जिले में मादक पदार्थों की बिक्री और सेवन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी।
दिनांक 23 मई 2026 को बेलवंडी पुलिस स्टेशन क्षेत्र में गश्त के दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि दादा साहदु दिघे (उम्र 79 वर्ष, निवासी येळपणे, तहसील श्रीगोंदा) अपने घर में बिक्री के उद्देश्य से गांजा रखे हुए हैं।
सूचना की पुष्टि के बाद स्थानीय अपराध शाखा और बेलवंडी पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक बैग में तेज गंध वाला हरे रंग का गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि यह गांजा गौतम कुमार यादव (मूल निवासी देसपुर माझी, तहसील सालिमपुरा, जिला पटना, बिहार) से बिक्री के लिए लाया गया था।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3.137 किलोग्राम गांजा तथा कुल 78 हजार रुपये मूल्य का मुद्देमाल जब्त किया गया।
इस मामले में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस कर्मचारी मनोज मोहन साखरे की शिकायत पर बेलवंडी पुलिस स्टेशन अपराध क्रमांक 188/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 8(क), 20(ब)(ii)(ब) के अनुसार मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच बेलवंडी पुलिस स्टेशन द्वारा की जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय अपराध शाखा, अहिल्यानगर (0241-2416111) या डायल 112 पर सूचना दें।
रिपोर्टर : अमर घोडके

No Previous Comments found.