राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर कांग्रेस मुख्यालय में ध्वजारोहण और केक काटकर मनाया गया उत्सव
देहरादून : प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने फहराया तिरंगा, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने काटा 25 पौंड का केक कार्यकर्ताओं ने लगाए ‘उत्तराखंड अमर रहे’ व ‘जय उत्तराखंड’ के नारे। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, राजीव भवन में भव्य रजत जयंती समारोह आयोजित किया गया। सेवा दल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने प्रातः राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसके बाद सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम, ध्वज गीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया। इस अवसर पर कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल द्वारा तैयार करवाया गया 25 पौंड का केक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में काटा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने राज्य स्थापना की रजत जयंती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह समय आत्ममंथन का है कि क्या हम शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बना पाए हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने दस वर्षों के शासनकाल में राज्य की मजबूत नींव रखी — भू-कानून, औद्योगिक विकास, उच्च शिक्षा संस्थान, मेडिकल कॉलेज और गैरसैंण में अवस्थापना विकास जैसे ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने 15 वर्षों में राज्य को "मुख्यमंत्री बनाने की फैक्ट्री" बना दिया, नौ मुख्यमंत्री बदले और अवैध खनन, भर्ती घोटाले, पेपर लीक, शराब-नशा और महिला उत्पीड़न जैसे मामलों से प्रदेश को बदनाम किया। पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि आज हम उन राज्य आंदोलनकारियों के प्रति कृतज्ञ हैं जिन्होंने अपने बलिदान से यह राज्य दिलाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता की खुशहाली और विकास के लिए समर्पित रही है और सत्ता में आने पर जनता के हित में कार्य करती रहेगी। रजत जयंती पखवाड़ा संयोजक और प्रदेश कांग्रेस वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशभर में कांग्रेस नेताओं द्वारा ध्वजारोहण व श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल गैरसैंण में, पूर्व मुख्यमंत्री हरिश रावत हरिद्वार की हर की पैड़ी पर, जबकि विधायक दल नेता यशपाल आर्य और उपनेता भुवन कापड़ी खटीमा में ध्वजारोहण कार्यक्रमों में शामिल हुए। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, प्रदेश महासचिव जगदीश धीमान, नवीन जोशी, गोदावरी थापली, राजेंद्र शाह, शीशपाल सिंह बिष्ट, वीरेंद्र पोखरियाल, हेमा पुरोहित, दिनेश कौशल, गौरव सिंह, सावित्री थापा, नवीन सलूजा, सुनील थपलियाल, नीरज त्यागी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : प्रवचन सिंह


No Previous Comments found.