सिरोंचा तहसील के वडदम फॉरेस्ट पार्क के पास की घटना,फंसे चालक को सुरक्षित निकाला गया
गडचिरोली : गडचिरोली जिले के सिरोंचा तहसील अंतर्गत वडदम फॉसिल पार्क के समीप सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। छत्तीसगढ़ की ओर जा रहा चीनी से भरा ट्रक क्रमांक CG 17 LC 7705 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त ट्रक महाराष्ट्र सीमा से छत्तीसगढ़ की दिशा में जा रहा था। वडदम फॉरेस्ट पार्क के पास मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया, जिससे ट्रक सड़क किनारे पलट गया। ट्रक में बड़ी मात्रा में चीनी भरी हुई थी। हादसे के दौरान ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर ही फंस गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिक, राहगीर तथा पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिली। चालक को मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है। समय रहते राहत कार्य शुरू होने से बड़ा अनर्थ टल गया।
दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से यातायात सुचारू किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े होने लगे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि वडदम फॉरेस्ट पार्क क्षेत्र में दुर्घटनाओं को रोकने हेतु आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं तथा खतरनाक मोड़ों पर चेतावनी संकेतक लगाए जाएं।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

No Previous Comments found.