गोलागुडम से आसरेल्ली तक सड़क निर्माण की मांग तेज, भूमिपूजन के एक वर्ष बाद भी काम शुरू नहीं
गडचिरोली : सिरोंचा तालुका अंतर्गत गोलागुडम से आसरेल्ली को जोड़ने वाली लगभग तीन किलोमीटर लंबी सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लंबे समय से सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क का पुराना डामर उखड़ जाने से जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आम नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क के निर्माण की मांग कई वर्षों से की जा रही थी। इसी मांग को देखते हुए 3 मार्च 2025 को भूतपूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक डॉ. धर्मराव बाबा आत्राम के सुपुत्र हर्षवर्धनराव आत्राम के हाथों सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया था। भूमिपूजन के समय ग्रामीणों में उम्मीद जगी थी कि जल्द ही सड़क का निर्माण शुरू होगा और वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 63 से गोलागुडम की ओर लगभग दो किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा 97 लाख 79 हजार 254 रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। बावजूद इसके, भूमिपूजन के एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी संबंधित ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य की शुरुआत तक नहीं की गई है।
बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। किसानों को कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में कठिनाई होती है, वहीं स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों और मरीजों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार दोपहिया वाहन चालक सड़क पर फिसलकर घायल होने की घटनाएं भी सामने आने की बात ग्रामीणों ने कही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन और संबंधित विभाग की उदासीनता के कारण स्वीकृत परियोजना कागजों तक ही सीमित होकर रह गई है। उनका कहना है कि यदि समय पर निर्माण कार्य शुरू किया जाता तो आज लोगों को इस तरह की कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ता।
क्षेत्र के नागरिकों, किसानों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग से मांग की है कि लंबित सड़क निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कराया जाए तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कर जल्द से जल्द सड़क आम जनता के लिए उपलब्ध कराई जाए, ताकि क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिल सके।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम
No Previous Comments found.