जर्जर पशु चिकित्सालय में जान जोखिम में डालकर ड्यूटी कर रहे कर्मचारी

तरबगंज - गोंडा विकासखंड तरबगंज ब्लॉक परिसर में स्थित पशु चिकित्सालय इन दिनों जर्जर हालत में पहुंच चुका है। भवन की हालत ऐसी है कि यहां कार्यरत कर्मचारी मजबूरी में इसी परिसर में बैठकर अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। वहीं पशुओं के इलाज, उपचार संबंधी सलाह और अन्य कार्यों के लिए आने वाले क्षेत्रीय पशुपालकों को भी इसी जर्जर भवन में बैठना पड़ता है।

मीडिया कर्मियों की नजर जब पशु चिकित्सालय की बदहाल स्थिति पर पड़ी तो भवन की हालत देखकर स्थिति की गंभीरता सामने आई। चिकित्सालय की इमारत में कर्मचारियों के बैठने और आम लोगों के रुकने तक की स्थिति चिंताजनक दिखाई दी। ऐसे में कभी भी कोई अप्रिय घटना होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि पशु चिकित्सालय ग्रामीण क्षेत्र के पशुपालकों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र है। बड़ी संख्या में लोग अपने पशुओं के उपचार एवं चिकित्सकीय सलाह के लिए यहां पहुंचते हैं। ऐसे में जर्जर भवन में कर्मचारियों और आम जनता की मौजूदगी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी तरबगंज सुष्मिता यादव से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि पशु चिकित्सालय के नए भवन के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है।

अब सवाल यह उठता है कि प्रस्ताव भेजे जाने के बाद नए भवन का निर्माण कब तक शुरू होगा? क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? जर्जर भवन में प्रतिदिन कर्मचारी और पशुपालक अपनी जान जोखिम में डालकर आते-जाते हैं। ऐसे में प्रशासन को जल्द से जल्द भवन की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत है।

रिपोर्टर - शिवराम पांडे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.