दुर्गापूजा को लेकर हजारीबाग पुलिस अलर्ट, पंडाल समितियों को दिए दिशा-निर्देश.
हजारीबाग : आगामी दुर्गापूजा को लेकर जिले के विभिन्न थाना परिसरों में बुधवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित थाना प्रभारी व पुलिस निरीक्षक के अलावा प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, पूजा पंडाल समितियों के अध्यक्ष व सदस्य, क्षेत्र के गणमान्य लोग तथा ग्रामीण शामिल हुए। बैठक में पूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस ने पूजा समितियों को अवैध रूप से चंदा वसूली नहीं करने की हिदायत दी। साथ ही सोशल मीडिया ग्रुप को एडमिन मोड में रखने और किसी भी तरह की भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित नहीं करने को कहा गया। पंडाल के सामने जनरेटर नहीं लगाने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रवेश और निकास द्वार अलग-अलग रखने का निर्देश दिया गया।
सभी पूजा पंडालों में अग्निशमन यंत्र और सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा गया है। इसके अलावा पंडालों में अनाउंसमेंट सेंटर और खोया-पाया केंद्र स्थापित करने का निर्देश दिया गया, ताकि भीड़ के दौरान किसी श्रद्धालु को परेशानी होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।विसर्जन के दौरान निर्धारित रूट में किसी प्रकार का बदलाव नहीं करने की हिदायत दी गई। पूजा समितियों को भड़काऊ गाने नहीं बजाने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने को कहा गया। पुलिस की ओर से पूजा समितियों और आम लोगों को डायल-112 तथा हजारीबाग कंट्रोल रूम का संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराया गया है।बैठक के दौरान सभी पूजा पंडाल समितियों से 10-10 वॉलिंटियर के नाम और मोबाइल नंबर भी लिए गए हैं। पुलिस ने समितियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर दुर्गापूजा और विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील की।
कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि दुर्गापूजा के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। पूजा समितियों को प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी तरह की अफवाह या आपत्तिजनक गतिविधि से दूर रहने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय से पूजा और विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाएगा।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.