सब्जी मंडी में चला खूनी खेल पैसे के विवाद में चाकुओं से गोदा, कोतवाली पुलिस ने 5 आरोपियों को चंद घंटों में दबोचा

कटनी : शहर की सबसे व्यस्त बिलैया तलैया सब्जी मंडी अचानक रणभूमि में तब्दील हो गई, जब पैसों के लेन-देन को लेकर पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की वारदात से मंडी क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।जानकारी के अनुसार गिरजा घाट निवासी 38 वर्षीय प्रशांत सोनी अपना पैसा लेने मंडी पहुंचा था। इसी दौरान पहले से मौजूद अभिलाष उर्फ अब्बू चौरसिया, लक्ष्मी प्रसाद उर्फ बुच्चड़, राज उर्फ प्यारे, शुभम उर्फ चुन्नू और एक नाबालिग ने उसे घेर लिया। देखते ही देखते गाली-गलौज मारपीट में बदली और फिर आरोपियों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने प्रशांत सोनी की पीठ, कमर और हाथ पर कई वार किए। घायल युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद मंडी में चीख-पुकार मच गई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देश पर एएसपी डॉ. संतोष डेहरिया और नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने विशेष टीम गठित कर ताबड़तोड़ दबिश दी।पुलिस ने चंद घंटों के भीतर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में लक्ष्मी प्रसाद उर्फ बुच्चड़, अभिलाष उर्फ अब्बू, राज उर्फ प्यारे, शुभम उर्फ चुन्नू और एक विधि-विरुद्ध बालक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं।कोतवाली थाना में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई की चर्चा पूरे शहर में हो रही है।

रिपोर्टर : सुमित जायसवाल

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.