लेस्लीगंज थाना परिसर में बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न
लेस्लीगंज (पलामू) : आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को लेस्लीगंज थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद प्रतिनिधि विनोद राम ने की, जबकि संचालन तनवीर आलम ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, त्याग और भाईचारे का पर्व है। इसे सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर स्तर पर मुस्तैद है, लेकिन समाज के सहयोग के बिना किसी भी पर्व का सफल आयोजन संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी देने की अपील की।
वहीं, तनवीर आलम ने अपने संबोधन में कहा कि लेस्लीगंज की धरती हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल रही है। यहां हर पर्व आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मनाया जाता है, जिसे बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कुराईन पतरा पंचायत की मुखिया पूनम देवी ने कहा कि पर्व-त्योहार समाज को जोड़ने का माध्यम हैं। हमें हर हाल में शांति, सौहार्द और एकता बनाए रखनी चाहिए।
बैठक में सब इंस्पेक्टर विक्रम सिल, अजय कुमार, सच्चिदानंद शर्मा सहित बजरंगी प्रसाद, वीरेंद्र कुमार तारकेश्वर पासवान, मोहम्मद जफर और असलम अंसारी ने भी अपने विचार रखे और सभी समुदायों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
बैठक में उपस्थित दर्जनों गणमान्य लोगों ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि बकरीद का पर्व क्षेत्र में पूरी शांति, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाएगा।
रिपोर्टर : अवध किशोर राय


No Previous Comments found.