पथरही यज्ञ में शामिल हुए सांसद,युवाओं से भक्ति और अध्यात्म से जुड़ने की अपील
नीलांबर : पीतांबरपुर प्रखंड मुख्यालय के समीप पथरही में आयोजित श्रीरामचरितमानस नवाह पारायण महायज्ञ के 13वें अधिवेशन के मुख्य अतिथि चतरा लोकसभा के सांसद कालीचरण सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम में पहुंचने पर यज्ञ समिति एवं ग्रामीणों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और आज युवाओं की भक्ति एवं अध्यात्म में बढ़ती भागीदारी समाज के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों से लोगों में आत्मबल, ऊर्जा और संस्कारों का विकास होता है, जो प्रत्येक सनातनी के जीवन के लिए आवश्यक है। सांसद ने यज्ञ समिति को सफल आयोजन के लिए साधुवाद देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता वरुण तिवारी ने कहा कि पथरही गांव के पूर्वजों ने शिक्षा और अध्यात्म दोनों को बढ़ावा देने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि गांव के पूर्वजों द्वारा जमीन दान कर वर्ष 1955 में हाई स्कूल की स्थापना कराई गई थी। यहां के ग्रामीण सदैव अध्यात्म के मार्ग पर चलते रहे हैं और वर्तमान पीढ़ी भी उसी परंपरा को आगे बढ़ा रही है।
यज्ञ स्थल पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि ललित मेहता,अरुण सिंह, प्रकाश मेहता,काशीनाथ विश्वकर्मा, ध्रुव दुबे, राजेंद्र दुबे, मनोरंजन दुबे,मणिकांत दुबे, सत्यदेव दुबे, अरुण सिंह, रामकृष्ण दुबे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।
रिपोर्टर : अवध किशोर राय


No Previous Comments found.