मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सतना दौरे में श्रद्धांजलि, औपचारिक भेंट और आत्मीय स्वागत
सतना : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री Dr. Mohan Yadav ने शनिवार को एक दिवसीय सतना प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर दिवंगत व्यक्तित्वों को श्रद्धांजलि अर्पित की, शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की तथा जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से आत्मीय संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले वरिष्ठ समाजसेवी उत्तम बनर्जी के पिता स्वर्गीय दादा असीम बनर्जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया तथा शोकाकुल परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी। इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, महापौर योगेश ताम्रकार एवं जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मणिकांत माहेश्वरी की माताजी स्वर्गीय श्रीमती सरोज देवी माहेश्वरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिजनों को ढांढस बंधाया। इस दौरान अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
सतना प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने चित्रकूट विकास प्राधिकरण के नव नियुक्त अध्यक्ष विजयपाल यादव के कामता टोला स्थित निवास पहुंचकर उनसे औपचारिक भेंट की। इस दौरान उन्होंने विजयपाल यादव की माता स्वर्गीय श्रीमती मूर्ति देवी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सतना आगमन पर जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री रीवा से हेलीकॉप्टर द्वारा सांसद वीडी शर्मा और सांसद गणेश सिंह के साथ सतना पहुंचे। एयरपोर्ट पर राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी अगवानी की।
अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री कामता टोला से बायपास मार्ग होते हुए एयरपोर्ट लौटे। इस दौरान डेलौरा मोड़ के पास बड़ी संख्या में उपस्थित लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय अभिनंदन किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने भी स्नेहपूर्वक अभिवादन स्वीकार।
रिपोर्टर : सूर्य प्रकाश सिंह

No Previous Comments found.