"मिशन नवचेतना" के तहत नशे के विरुद्ध बालोद पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी
बालोद : पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में "मिशन नवचेतना" के अंतर्गत नशामुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण हेतु अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलेभर में मोटरयान अधिनियम एवं कोटपा एक्ट के तहत भी सघन अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 06 अगस्त 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम के 05 प्रकरणों में 05 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। थाना सनौद, संजारी, बालोद एवं गुंडरदेही क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब के नशे में पाए गए व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च)(1) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
इसी अभियान के अंतर्गत कोटपा एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले पान ठेलों, किराना दुकानों एवं सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन/उपयोग करने वालों के विरुद्ध 15 प्रकरणों में चालानी कार्रवाई करते हुए ₹3,000 समन शुल्क वसूला गया।
साथ ही यातायात सुरक्षा अभियान के तहत मोटरयान अधिनियम के 144 प्रकरणों में चालानी कार्रवाई करते हुए ₹44,300 समन शुल्क वसूला गया। कार्रवाई के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, बिना वैध दस्तावेज, बिना लाइसेंस, ओवरलोडिंग सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त शराब पीकर वाहन चलाने के 02 प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए गए।
बालोद पुलिस की अपील
"मिशन नवचेतना" के अंतर्गत बालोद पुलिस सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों एवं अवैध मादक पदार्थों तथा अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। आम नागरिकों से अपील है कि नशे से दूर रहें, सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करें, यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। अभिभावक अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें, क्योंकि इससे उनकी तथा अन्य लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नशे के कारोबार अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल बालोद पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक
No Previous Comments found.