गंजबासौदा केमिस्ट एसोसिएशन का निर्विरोध चुनाव संपन्न
गंजबासौदा - मंगलवार को शहर के स्टेशन रोड स्थित होटल पुखराज में गंजबासौदा केमिस्ट एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण एवं गरिमामयी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन की नवीन कार्यकारिणी के गठन हेतु चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। विशेष बात यह रही कि संगठन के सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने आपसी सौहार्द, एकजुटता और सहमति का परिचय देते हुए संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया निर्विरोध रूप से संपन्न की।
सर्वसम्मति से रोहित तारण को संगठन का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अखिलेश जैन, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद सूर्य प्रकाश श्रीवास्तव तथा संगठन के महत्वपूर्ण सचिव पद की कमान रणजीत राजपूत को सौंपी गई।
नवीन पदाधिकारियों के चयन के उपरांत होटल परिसर उत्साह और उल्लास से गूंज उठा। संगठन के सदस्यों ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों एवं जोरदार स्वागत के साथ नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन में भाईचारे, एकता और संगठनात्मक मजबूती की सुंदर झलक देखने को मिली। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन की शेष कार्यकारिणी का विस्तार शीघ्र ही किया जाएगा। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने तन, मन और धन से संगठन के हितों की रक्षा करते हुए केमिस्ट समाज को मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष अजय तिवारी एवं संदीप कुमार नेमा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। बैठक के पश्चात स्नेह एवं सौहार्द के प्रतीक स्वरूप सहभोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी सदस्यों ने एक साथ भोजन कर आपसी एकता और संगठनात्मक भावना को और अधिक मजबूत किया।
रिपोर्टर - हेमंत आनंद


No Previous Comments found.