सैफई के नए BDO मोहकम सिंह ने संभाली कमान, विकास और मतदाता जागरूकता पर जोर
इटावा - सैफई विकासखंड में नवागत खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) मोहकम सिंह ने कार्यभार संभालते ही विकास कार्यों को गति देने की दिशा में पहल शुरू कर दी है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने विकासखंड के अधिकारियों, एडीओ पंचायत वीरेंद्र सिंह और पंचायत सचिवों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने गांवों में संचालित विकास कार्यों और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी को पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
बीडीओ मोहकम सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास शासन की प्राथमिकता है। ऐसे में सभी ग्राम पंचायतों में विकास से जुड़े कार्यों को गंभीरता से लिया जाए और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने अधिकारियों और पंचायत सचिवों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने तथा गांवों में स्वीकृत एवं संचालित विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में विकास कार्यों की प्रगति बेहतर होनी चाहिए, जिससे ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
बैठक के दौरान उन्होंने मतदाता जागरूकता अभियान को लेकर भी विशेष संदेश दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। जिन लोगों की उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है और अभी तक उनका मतदाता पहचान पत्र नहीं बना है अथवा मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है, वे अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। इसके लिए गांव-गांव में लोगों को जागरूक किया जाए और इस अभियान में सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं पंचायत सचिव बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ जनहित से जुड़े अभियानों को भी प्राथमिकता देना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में एडीओ पंचायत वीरेंद्र सिंह, पंचायत सचिव संजीव कुमार, शैलेंद्र सिंह ,विजय रत्न , सहित अन्य पंचायत सचिव एवं संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह

No Previous Comments found.