खूंटी डीएवी स्कूल खूंटी से जिला स्तरीय राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का शुभारंभ

खूंटी : स्थानीय डीएवी स्कूल खूंटी में जिला स्तरीय राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. शोभा किस्पोट्टा एवं विद्यालय के प्राचार्य मनोजेश्वर कुमार ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. शोभा किस्पोट्टा ने बताया कि कृमि संक्रमण से बचाव के लिए प्रत्येक बच्चे को वर्ष में एक बार एल्बेंडाजोल की गोली का सेवन करना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिले में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 1,68,078 बच्चों को 15 जून को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जानी है तथा छूटे हुए बच्चों को 18 जून 2026 को आयोजित मॉप-अप दिवस पर दवा दी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों को उनकी देखरेख में एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान की विधिवत शुरुआत की गई।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का संचालन स्वास्थ्य विभाग एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। अभियान को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों एवं सहिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
विद्यालय के प्राचार्य मनोजेश्वर कुमार ने बताया कि खाद्य पदार्थों के माध्यम से विभिन्न प्रकार के कृमि शरीर में प्रवेश कर बच्चों के स्वास्थ्य को प्रभावित करते हैं। उन्होंने बच्चों को स्वच्छता के मापदंड अपनाने, साग-सब्जियों को अच्छी तरह धोकर खाने तथा अपने सहपाठियों को भी जागरूक करने का संदेश दिया।

रिपोर्टर :  शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.