108 एम्बुलेंस में ईएमटी की सूझबूझ और बेहतर उपचार से नवजात शिशु को मिली समय पर जीवनरक्षक सहायता
ललितपुर - अस्पताल से रेफर किए गए एक नवजात शिशु को अचानक गंभीर श्वसन समस्या होने पर 108 एम्बुलेंस सेवा ने तत्परता दिखाते हुए समय पर उपचार प्रदान किया। लक्ष्मी देवी के नवजात शिशु की स्थिति नाजुक होने के कारण उसे उच्च चिकित्सा केंद्र मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया था। रेफरल के दौरान नवजात को सांस लेने में कठिनाई होरही थी, जिसके चलते स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई थी। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची,जहां तैनात ईएमटी ज्योति एवं पायलट हनुमत ने बिना समय गंवाए मरीज की जांच की और आवश्यक चिकित्सा प्रक्रिया शुरू की। नवजात की गंभीर स्थिति को देखते हुए ईएमटी ज्योति ने तत्काल चिकित्सक डॉ. रोचना से संपर्क कर चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया। चिकित्सक द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार शिशु को बैग वाल्व मास्क (BVM) के माध्यम से श्वसन सहायता प्रदान की गई तथा उसे लेफ्ट लैटरल पोजीशन में रखा गया। साथ ही पूरे रास्ते नवजात के श्वसन, हृदय गति एवं अन्य महत्वपूर्ण जीवनरक्षक संकेतों की लगातार निगरानी की जाती रही।
ईएमटी ज्योति ने अपनी कुशलता, प्रशिक्षण एवं अनुभव का परिचय देते हुए एम्बुलेंस के भीतर ही नवजात को बेहतर प्री-हॉस्पिटल केयर प्रदान की। समय पर दिए गए उपचार और सतत निगरानी के कारण शिशु की स्थिति को स्थिर बनाए रखने में सफलता मिली। पायलट हनुमत ने भी सुरक्षित एवं त्वरित ड्राइविंग करते हुए एम्बुलेंस को बिना किसी विलंब के मेडिकल कॉलेज झांसी पहुंचाया।
मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर नवजात शिशु को विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में भर्ती कराया गया, जहां उसका आगे का उपचार प्रारंभ किया गया। परिजनों ने 108 एम्बुलेंस सेवा की त्वरित प्रतिक्रिया, ईएमटी ज्योति द्वारा प्रदान किए गए उत्कृष्ट उपचार तथा पायलट हनुमत की तत्परता की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि 108 एम्बुलेंस सेवा केवल मरीजों को अस्पताल पहुंचाने का कार्य नहीं करती, बल्कि रास्ते में भी प्रशिक्षित ईएमटी द्वारा आवश्यक जीवनरक्षक उपचार प्रदान कर मरीजों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नवजात जैसे संवेदनशील मामलों में समय पर दिया गया प्री-हॉस्पिटल केयर कई बार जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर साबित होता है, और इस मामले में भी ईएमटी ज्योति की सजगता एवं पेशेवर कार्यशैली ने एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संवाददाता - जितेन्द्र सिंह पवाँर
No Previous Comments found.