शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, 10 चोरी की बाइक बरामद; फाइनेंस कंपनी की जब्त गाड़ियां बताकर बेचता था
लखनऊ - राजधानी लखनऊ में वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए पूर्वी जोन की क्राइम/सर्विलांस टीम और विभूतिखंड पुलिस ने एक अंतरजनपदीय वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मास्टर चाबी से मोटरसाइकिलों के लॉक खोलकर चोरी करता था और बाद में चोरी की गाड़ियों को फाइनेंस कंपनी द्वारा जब्त वाहन बताकर दूसरे जनपदों में सस्ते दामों पर बेच देता था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. तावस उर्फ चाँद (करीब 25 वर्ष), पुत्र नूरुलहक, निवासी ग्राम कंडेला, थाना कैसरगंज, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। उसे 23 अक्टूबर को दुबग्गा थाना क्षेत्र के नया पार्क से गिरफ्तार किया गया।
पिकअप भवन के पास से चोरी हुई थी बाइक
पुलिस के मुताबिक, गोमतीनगर के विवेकखंड निवासी ऋषभ देवरा ने यूपी कॉप पोर्टल के माध्यम से ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने शिकायत में बताया कि उनकी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पिकअप भवन के पास से चोरी हो गई थी। इस मामले में विभूतिखंड थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
आठ बाइकों की चोरी का पता चला
पुलिस के अनुसार, बरामद 10 मोटरसाइकिलों में से आठ लखनऊ के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। इनमें ठाकुरगंज, मड़ियांव, वजीरगंज, नाका, कैसरबाग, चौक और विभूतिखंड थाना क्षेत्रों की बाइकें शामिल हैं। शेष दो मोटरसाइकिलों के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।
ऐसे देता था वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लखनऊ के अलग-अलग इलाकों में घूमकर खासतौर पर हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों की रेकी करता था। मौका मिलते ही मास्टर चाबी से लॉक खोलकर बाइक चोरी कर लेता था। इसके बाद दूसरे जनपदों के लोगों को इन वाहनों को फाइनेंस कंपनी द्वारा जब्त की गई गाड़ियां बताकर सस्ते दामों में बेच देता था, ताकि खरीदारों को उनके चोरी के होने का शक न हो।
10 मुकदमों का खुलासा
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी से लखनऊ के विभिन्न थानों में दर्ज वाहन चोरी के कुल 10 मामलों का खुलासा हुआ है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। इस संयुक्त कार्रवाई में विभूतिखंड पुलिस और पूर्वी जोन की क्राइम/सर्विलांस टीम के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा
No Previous Comments found.