विमान नगर में ई-सिगरेट और प्रतिबंधित हुक्का फ्लेवर की बिक्री पर पुलिस का छापा
हवेली : प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों और इलेक्ट्रॉनिक धूम्रपान (ई-सिगरेट) सामग्री की अवैध बिक्री के खिलाफ पुणे पुलिस ने विमान नगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दुकान पर छापा मारा। इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब ₹1.57 लाख मूल्य का प्रतिबंधित माल जब्त किया और 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया।
विमानतल पुलिस स्टेशन की डिटेक्शन शाखा को पुलिस कांस्टेबल लालू कार्हे को गुप्त सूचना मिली थी कि विमान नगर के नेको गार्डन परिसर स्थित “स्मोक हेवन शॉप” में प्रतिबंधित ई-सिगरेट और तंबाकू युक्त हुक्का फ्लेवर की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम ने दुकान पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान दुकान के प्रबंधक एवं विक्रेता मोहम्मद फैज़ फारुख शेख (22) को हिरासत में लिया गया। वह मूल रूप से केरल के कासरगोड जिले का निवासी है और वर्तमान में पुणे के बालेवाड़ी क्षेत्र में रह रहा था।
पंचों की मौजूदगी में की गई तलाशी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित ई-सिगरेट, विभिन्न रासायनिक हुक्का फ्लेवर और धूम्रपान से संबंधित अन्य सामग्री बरामद की। जब्त किए गए माल की कुल कीमत ₹1,57,000 बताई गई है।
कार्रवाई के बाद विमानतल पुलिस ने अपराध क्रमांक 293/2026 दर्ज कर आरोपी और दुकान मालिक के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिबंध तथा तंबाकू उत्पादों से संबंधित कानूनों के तहत मामला दर्ज किया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गोविंद जाधव, पुलिस निरीक्षक (अपराध) महेश बोलके, पीएसआई नितिन राठौड़ सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता से सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
रिपोर्टर : यश सोलंकी
No Previous Comments found.