थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
संतकबीरनगर : जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने थाना कोतवाली खलीलाबाद पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डीएम और एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच के आधार पर शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में दोनों विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके। किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने थाना परिसर में शिकायत पंजिका का भी निरीक्षण किया तथा पूर्व में निस्तारित शिकायतों के संबंध में फरियादियों से फीडबैक लेकर समाधान की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।
रिपोर्टर : मोहम्मद नईम
No Previous Comments found.