शिवाला धाम मंदिर में 251 दीपों से मना संत रविदास जयंती महोत्सव

सुलतानपुर - दोस्तपुर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती के पावन अवसर पर नगर पंचायत दोस्तपुर स्थित ऐतिहासिक शिवाला धाम मंदिर में भारतीय जनता पार्टी दोस्तपुर मंडल के तत्वावधान में भव्य दीपोत्सव एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय लक्ष्मी शुक्ला ने किया। इसी क्रम में शक्ति केंद्र कुम्ही दरिया के ग्राम सभा बुढ़ाना स्थित हनुमान मंदिर में भी श्रद्धा और उत्साह के साथ दीपोत्सव आयोजित किया गया। दोनों स्थानों पर सैकड़ों श्रद्धालुओं, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा क्षेत्रीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ संत रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत शिवाला धाम मंदिर परिसर में 251 दीप प्रज्ज्वलित किए गए,जिससे पूरा मंदिर परिसर दीपों की स्वर्णिम आभा से जगमगा उठा। दीपों की मनमोहक छटा ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। इस दौरान "जय श्रीराम", "हर-हर महादेव", "संत रविदास जी अमर रहें" और "भारत माता की जय" के जयघोषों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भक्ति और उत्साह के साथ दीप जलाकर संत रविदास जी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए समरसता, समानता और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर शिवाला धाम मंदिर तथा बुढ़ाना स्थित हनुमान मंदिर के पुजारियों एवं कथा वाचकों को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन समाज में प्रेम, समानता,सामाजिक समरसता और मानव सेवा का अनुपम संदेश देता है। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय लक्ष्मी शुक्ला ने कहा कि संत रविदास जी के आदर्श प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणादायी हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही सामाजिक सौहार्द, भाईचारा और राष्ट्रीय एकता को और अधिक मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को भारतीय संस्कृति और संत परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बताया।
कार्यक्रम में मंडल महामंत्री दुर्गा प्रसाद सिंह, चंदन सोनकर, रवि पाठक, आसाराम गौतम, मनीष अग्रहरि, भरत तिवारी, अनिल शुक्ला, अरविंद त्रिपाठी, जीत बहादुर मोदनवाल सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने संत रविदास जी के आदर्शों को अपनाने तथा समाज में समरसता, भाईचारा और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना, जयघोष और सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।

संवाददाता - दिनेश ठाकुर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.