मकान के मेन गेट से घुसकर लाखों के जेवर उड़ाने वाले दो शातिर गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद
लखनऊ : राजधानी लखनऊ में घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गुडम्बा पुलिस ने गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का खुलासा किया है। आरोपियों ने मकान के मुख्य गेट के ऊपर से घर में प्रवेश कर कमरे में रखे सोने, चांदी और हीरे के आभूषण चोरी किए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और 2500 रुपये नकद बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद अपाचे मोटरसाइकिल को भी वैध कागजात नहीं मिलने पर सीज कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, कल्याणपुर रिंग रोड स्थित संजीवनी गैस्ट्रो-न्यूरो क्लिनिक के पास रहने वाले समीश सिंह ने 31 अक्टूबर को गुडम्बा थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़ित के अनुसार, 30 अक्टूबर की रात करीब 1:52 बजे अज्ञात चोर मकान के मेन गेट के ऊपर से घर में दाखिल हुआ और कमरे में रखे सोने, चांदी व हीरे के आभूषण चोरी कर फरार हो गया।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक अंकुर मिश्रा को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना से संबंधित दो संदिग्ध गुरुनानक लॉन, सेक्टर-जे जानकीपुरम की ओर जाने वाली सड़क पर सफेद अपाचे बाइक के पास चोरी के आभूषण बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
पूछताछ और तलाशी में गिरफ्तार शाहिद खान उर्फ अब्दुल समद के कब्जे से पीली धातु की एक चेन, एक नथिया, सफेद धातु की एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी बिछिया, पीली धातु की एक अंगूठी, एक कान का टप्स और 500 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं दूसरे आरोपी सुमैल हसनैन के पास से पीली धातु की एक जोड़ी बड़ी झुमकी और 2000 रुपये नकद मिले। बरामद आभूषणों की पीड़ित समीश सिंह ने मौके पर ही पहचान कर उन्हें अपना चोरी हुआ सामान बताया।
राह चलते लोगों को बेचने की फिराक में थे आरोपी
पुलिस पूछताछ में शाहिद खान ने बताया कि चोरी किए गए आभूषणों का कुछ हिस्सा उसने अपने साथी सुमैल हसनैन के साथ बांट लिया था और दोनों राह चलते लोगों को बेचने की कोशिश कर रहे थे। वहीं सुमैल ने बताया कि शाहिद ने उसे चोरी का कुछ सामान बेचने के लिए दिया था। आरोपियों ने चोरी के कुछ अन्य आभूषण अज्ञात राहगीरों को बेचने और उससे मिली रकम खर्च करने की बात भी स्वीकार की।
दोनों पर दर्ज हैं चोरी और गैंगस्टर समेत कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार शाहिद खान उर्फ अब्दुल समद निवासी बेगमगंज, बाराबंकी पर बाराबंकी कोतवाली में चोरी और अन्य धाराओं में नौ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सुमैल हसनैन निवासी कटरा मोहम्मद शिवाला, सआदतगंज पर लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत 12 मुकदमे दर्ज होने का आपराधिक इतिहास सामने आया है।
गुडम्बा पुलिस ने दोनों आरोपियों को 31 अक्टूबर की रात करीब 11:50 बजे सेक्टर-जे जानकीपुरम से गिरफ्तार किया। मामले में धारा 317(2) और 317(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने की चेन, एक नथिया, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी बिछिया, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी बड़ी झुमकी, एक सोने का कान का टप्स और 2500 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा सफेद अपाचे मोटरसाइकिल संख्या यूपी 32 जेएल 0630 को वाहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
गुडंबा थाना प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राहुल द्विवेदी, उपनिरीक्षक अंकुर मिश्रा, उपनिरीक्षक शिवशंकर, हेड कांस्टेबल राजन त्रिपाठी, कांस्टेबल गोविन्द पाल, रघुवीर यादव और रवेन्द्र पाल ने दोनों शातिरों को गिरफ्तार कर चोरी के माल बरामद किए।
रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा
No Previous Comments found.