म्यूटेशन कराने के लिए अंचल निरीक्षक ले रहा था 20 हजार रुपये घूस, ACB ने रंगेहाथ किया गिरफ्तार
पलामू : में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बरवाडीह के राजस्व उप निरीक्षक सह प्रभारी अंचल निरीक्षक सुरेश राम को 20,000 रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। ACB को सुरेश राम के खिलाफ शिकायत मिली थी। इसके बाद ACB टीम ने रणनीति बनाकर सुरेश राम को रंगे हाथ पकड़ा। मिली जानकारी के अनुसार एक महिला ने वर्ष 2024 में 30 डिसमिल जमीन खरीदी थी, जिसके म्यूटेशन (नामांतरण) के लिए सुरेश राम ने एक लाख रुपये की मांग की थी। जब पीड़िता इतनी बड़ी रकम नहीं दे पाई, तो आरोपी ने 2 किस्तों में रिश्वत देने की बात कही और पहली किस्त के रूप में 20,000 रुपये लाने का दबाव बनाया। पीड़िता घूस नहीं देना चाहती थी, इसलिए उसने पलामू ACB में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस उपाधीक्षक ने मामले की जांच की और आरोप को सही पाया। पीड़िता को 20,000 रुपये के साथ सुरेश राम के पास भेजा गया। जब सुरेश राम रिश्वत के पैसे ले रहे थे तब ACB ने उन्हें पकड़ा लिया। बताया जा रहा है कि रंगे हाथ पकड़ाने के बाद सुरेश राम ने हाईवोल्टेज ड्रामा किया। सुरेश ने काफी हो हल्ला किया। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मामला काबू में किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
रिपोर्टर : विक्रम यादव
No Previous Comments found.