22 बच्चे पालना नहीं आसान, बोरी भरकर सब्जियां खरीदती है महिला, मीट देख उड़े लोगों के होश!

ब्रिटेन की सबसे बड़ी फैमिली की मां सूए रेडफोर्ड एक बार फिर चर्चा में हैं। 22 बच्चों की मां सूए का परिवार लगातार बढ़ रहा है, क्योंकि अब उनकी बड़ी बेटियां भी मां बन चुकी हैं। चैनल 5 के लोकप्रिय शो ‘22 किड्स एंड काउंटिंग’ के हालिया एपिसोड में सूए ने अपनी क्रिसमस की तैयारियों की झलक दिखाई, जिसने दर्शकों को हैरान कर दिया।

एपिसोड में सूए की क्रिसमस फूड शॉपिंग खास आकर्षण रही। उनकी ट्रॉली सामान से पूरी तरह भरी हुई थी सब्जियां, मीट और फ्रोजन फूड किलो के हिसाब से खरीदे गए थे। एक क्लिप में सूए को लोकल आस्डा सुपरमार्केट में खरीदारी करते हुए देखा गया, जहां उन्होंने बताया कि इस बार वह पूरे परिवार के लिए क्रिसमस डिनर की मेजबानी कर रही हैं। इस खास मौके पर उनकी बेटी क्लोए, उसका बॉयफ्रेंड जेक और दो साल की नातिन मिला भी शामिल होंगी।सूए की भारी-भरकम शॉपिंग सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। ट्रॉली में भरे सामान को देखकर कई लोगों ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इतना राशन तो उनके घर का पूरे महीने का होता है।

ऐसी शॉपिंग

सूए की शॉपिंग लिस्ट देखकर हर कोई दंग रह गया। उन्होंने अपनी ट्रॉली में 60 पिग्स इन ब्लैंकेट्स रखे और फ्रोजन सेक्शन से 60 यॉर्कशायर पुडिंग्स भी उठाए। सब्जियों वाले हिस्से में पहुंचकर सूए ने 3 किलो ब्रसेल्स स्प्राउट्स लिए और हंसते हुए कहा कि उन्हें यह सब्जी बिल्कुल पसंद नहीं है, लेकिन घर के बाकी लोग इसे बड़े चाव से खाते हैं। इसके बाद उन्होंने 4 किलो गाजर और 7.5 किलो आलू भी खरीद लिए। क्रिसमस की खास तैयारी के लिए दो बड़े टर्की भी ट्रॉली में डाले गए।

इतनी भारी-भरकम खरीदारी देखकर फैंस हैरान रह गए। सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। किसी ने कहा कि इतने बड़े परिवार के लिए तो सब्जियां बोरी में भरकर लानी पड़ती होंगी, तो किसी ने कमेंट किया कि 22 बच्चों की परवरिश आसान नहीं होती, घर में आटा-दाल का खर्च तो अंदाज से बाहर ही होगा।

ये है कमाई का जरिया

सूए रेडफोर्ड और उनके पति नोएल रेडफोर्ड अपनी आजीविका बेकरी बिजनेस और टीवी शो के जरिए चलाते हैं। वे किसी भी तरह की सरकारी सहायता पर निर्भर नहीं हैं। सूए की दिनचर्या हमेशा बेहद व्यस्त रहती है। परिवार के ज्यादातर बच्चे अभी भी उनके साथ ही रहते हैं, जबकि बड़े बच्चे जैसे क्रिस, सोफी और क्लोए अपना अलग घर बसा चुके हैं। क्लोए अब मां बन चुकी हैं और अपने पार्टनर के साथ रहती हैं।

सूए अक्सर अपनी रोजमर्रा की जिंदगी की झलक साझा करती रहती हैं। सुबह बच्चों को स्कूल के लिए तैयार करना, घर के काम संभालना और जरूरी खरीदारी करना—इन सबमें उनका पूरा दिन निकल जाता है। परिवार की साप्ताहिक ग्रॉसरी पर करीब 400 पाउंड खर्च हो जाते हैं, जिसमें दूध, ब्रेड, योगर्ट और मीट जैसी चीजें बड़ी मात्रा में शामिल होती हैं। वहीं क्रिसमस जैसे खास मौकों पर यह खर्च और भी बढ़ जाता है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.