बबीना विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को विधायक राजीव सिंह पारीछा ने सदन में उठाया

झांसी । बबीना विधानसभा के विधायक राजीव सिंह पारीछा ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को सदन में उठाया। उनके तुरंत निराकरण करने की मांग की। सदन में महामहिम राज्यपाल महोदया के अभिभाषण पर उन्होंने कि अध्यक्ष जी उत्तर प्रदेश की पावन धरा अपने सांस्कृतिक वैभव, गौरवशाली इतिहास और समृद्ध विरासत के लिए जानी जाती है। पूर्व में आमजन के मन में यह धारणा थी कि प्रदेश का विकास संभव नहीं है तथा कानून.व्यवस्था में सुधार असंभव है। किंतु देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश की पहचान को सुशासन का रूप दिया है। प्रदेश कभी बीमारू राज्य कहलाता था। जहाँ हजारों करोड़ के घोटाले और अराजकता का वातावरण था। वह आज सुशासन और गुड गवर्नेंस का मॉडल बन चुका है। तत्कालीन सरकार में प्रदेश अराजकता,गुंडागर्दी, लूट,हत्या और फिरौती के लिए कुख्यात था। जबकि आज उत्तर प्रदेश कृषि उत्पादन, दुग्ध उत्पादन, वृक्षारोपण अभियान, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, ग्रामीण एवं शहरी, अटल पेंशन योजना, कृषि निवेश अनुदान, ग्रामीण स्वच्छ शौचालय निर्माण, ई-मार्केट प्लस योजनायें, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना तथा कृषि वानिकी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में देश में प्रथम स्थान पर है। विधायक बबीना राजीव सिंह पारीछा ने कहा कि इस सदन में प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-2027 के बजट के समर्थन में हैं। प्रदेश के समावेशी विकास हेतु मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पिछले वर्ष की तुलना में 13 प्रतिशत अधिक 9.13 लाख करोड़ का बजट प्रस्तुत किया है। यह बजट प्रदेश के सर्वांगीण समावेशी और संतुलित विकास का रोडमैप प्रस्तुत करता है। प्रसन्नता है कि यह बजट विकसित भारत विकसित उत्तर प्रदेश @2047 परिकल्पना को साकार करने का दृढ़ संकल्प है। यह बजट केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि प्रदेश की विकास दृष्टि को परिलक्षित करता है। सरकार ने कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार तथा कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को प्राथमिकता दी है। कृषि क्षेत्र में किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार तथा कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देने के प्रावधान स्वागत योग्य हैं। बुंदेलखंड में पलायन बेरोजगारी रोकने के लिए बुंदेलखंड डिफेंस कॉरिडोर एवं बुंदेलखंड औद्योगिक विकास अधिकरण (बीड़ा) की स्वीकृति बुंदेलखंड के युवाओं के हित में दूरदर्शी कदम है। बुनियादी ढांचा-सड़क, एक्सप्रेसवे, मेट्रो, एयरपोर्ट एवं औद्योगिक कॉरिडोर-प्रदेश को निवेश का प्रमुख केंद्र बना रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा निराश्रित, दिव्यांग एवं वृद्ध महिलाओं की पेंशन में की गई वृद्धि महिलाओं के सशक्तिकरण एवं सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक सराहनीय और संवेदनशील प्रयास है। स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ा हुआ आवंटन भविष्य की मजबूत नींव तैयार करेगा। यह बजट “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को साकार करता है और उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में ठोस आधार प्रदान करता है। उन्होंने क्षेत्रीय मांगों पर ज़ोर देते हुए कहा कि  अध्यक्ष जी मैं आपके माध्यम से हमारी लोकप्रिय सरकार के समक्ष अपने विधानसभा क्षेत्र के आमजन की समस्याओं का ध्यान आकृष्ट करना चाहूँगा। सर्किल रेट जनपद झाँसी में सरकार द्वारा भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। मेरी पीठ के माध्यम से सरकार से मांग है कि सर्किल रेट रिवाईज किये जाये। एयरपोर्ट 2- जनपद झाँसी में बुन्देलखण्ड डिफेन्स कोरिडोर व बीडा की स्थापना करने से यहाँ एयरपोर्ट होना अति आवश्यक है, जिससे देश विदेश के निवेशकों व विशेषज्ञों की आवाजाही आसान होगी। इण्टरनेशनल स्टेडियम जनपद झाँसी में इण्टरनेशनल स्टेडियम की स्थापना आवश्यक है जिससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को इण्टर नेशनल स्तर की सुविधायें मिलने से स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा साथ ही बुन्देलखण्ड में रोजगार के अवसर सृजित होंगे। आर.ओ.बी. निर्माण 4- चिरगाँव नगर में स्थित चिरगाँव रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ओवर ब्रिज (आर.ओ.बी.) का निर्माण आवश्यक है चूंकि यहां से प्रतिदिन मेरे विधानसभा क्षेत्र के कई ग्रामों सहित मध्य प्रदेश के भिण्ड, मुरैना व इटावा, आगरा आदि क्षेत्र की जनता का हजारों की संख्या में आवागमन रहता है। इस रेल मार्ग पर रेलवे यातायात अधिक होने के कारण यह मार्ग प्रायः बंद रहता है। क्षेत्रीय मांग बरूआसागर बाय-पास सम्पर्क मार्ग निर्माण 5- बरूआसागर नगर में यातायात अत्याधिक होने के कारण यहां प्रायः 24 घंटे जाम लगा रहता है जिसके समाधान हेतु बरूआसागर में साहू कृषि फार्म नहर से आरामशीन स्टेशन रोड़ तक बाय-पास सम्पर्क मार्ग लगभग 4.5 कि.मी. का नव निर्माण होना अति आवश्यक है। बेतवा नदी पर सेतु निर्माण 6- झाँसी-गुरसरांय पुराने मार्ग पर बेतवा नदी पर सेतु निर्माण अति आवश्यक है इसके बनने से हमीरपुर महोबा सहित बुन्देलखण्ड डिफेंस कॉरीडोर आवागमन में दूरी काफी कम होगी व यातायात सुगम होगा। बिठरी-GGIC निर्माण 7- जनपद झाँसी के ब्लॉक चिरगाँव के ग्राम मड़गुवां बिठरी में राजकीय इण्टर कॉलेज की मांग क्षेत्रवासियों द्वारा काफी समय से की जा रही है इस क्षेत्र में इण्टर कॉलेज न होने के कारण छात्रायें इण्टर की शिक्षा से प्रायः वंचित रहती हैं।    माननीय अध्यक्ष महोदय, तत्कालीन सरकारों द्वारा बुन्देलखण्ड की घोर उपेक्षा की गयी यशस्वी मुख्यमंत्री जी आपके नेतृत्व में बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे बनाया गया एवं बीडा से बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे तक लिंक एक्सप्रेस-वे स्वीकृत किया गया साथ ही बुन्देलखण्ड के हर परिवार को “हर घर नल, हर घर जल” योजना के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराकर इस समस्या को हमेशा के लिए समाप्त किया। जिससे यह प्रमाणित होता है कि बुन्देलखण्ड का प्रत्येक परिवार हमारी सरकार के लिये महत्वपूर्ण है। बुन्देलखण्ड की बेरोजगारी, पलायन को रोकने एवं आर्थिक उन्नति के लिये बुंदेलखंड औद्योगिक विकास अधिकरण (बीडा) एवं बुन्देलखण्ड डिफेंस कॉरीडोर एक दूरदर्शी, ऐतिहासिक और समयोचित कदम है, जो इस क्षेत्र सहित सम्पूर्ण बुन्देलखण्ड के समग्र विकास व आर्थिक उन्नति की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा। बुंदेलखंड की भौगोलिक स्थिति, प्राकृतिक संसाधन, खनिज संपदा और मेहनतकश मानव संसाधन को देखते हुए यह अधिकरण क्षेत्र को आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने का माध्यम बनेगा। इससे पलायन तो रुकेगा ही और आर्थिक सम्पन्नता बढ़ेगी जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था सशक्त होगी। मैं बीडा व डिफेंस कॉरीडोर की स्थापना के लिए मा. प्रधानमंत्री जी व मा. मुख्यमंत्री जी एवं सरकार को धन्यवाद देता हूँ और आशा करता हूँ कि यह पहल बुंदेलखंड को विकास की मुख्यधारा में लाने के साथ ही आर्थिक उन्नति का सशक्त माध्यम बनेगी।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.