संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अंतरविभागीय बैठक आयोजित

झांसी: जनपद झांसी में संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किए जाने के संबंध में आज द्वितीय अंतरविभागीय बैठक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी विद्यालयों में नोडल अध्यापक नामित करते हुए विद्यार्थियों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए। विद्यार्थियों को मच्छरजनित रोगों से बचाव के लिए फुल आस्तीन के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का प्रयोग करने तथा स्वच्छता के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही रैलियों के माध्यम से संचारी रोग नियंत्रण अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए गए कि ग्राम प्रधानों के साथ बैठक आयोजित कर ग्रामीण क्षेत्रों में संचारी रोगों की रोकथाम के संबंध में जागरूकता बढ़ाई जाए। प्रभात फेरी के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ ही ग्रामों में नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई एवं लार्विसाइड का छिड़काव सुनिश्चित कराया जाए। जिन ग्रामों में डेंगू एवं मलेरिया के मामले पाए जाते हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर फॉगिंग कराई जाए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया गया कि नगरीय क्षेत्र के सभी वार्डों में फॉगिंग एवं लार्वानाशक दवा के छिड़काव के लिए रोस्टर तैयार कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आईसीडीएस विभाग को निर्देशित किया गया कि समस्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से दस्तक अभियान के दौरान आशा कार्यकत्रियों के साथ गृह भ्रमण कराया जाए तथा एंटोमोलॉजिकल सर्वे का कार्य किया जाए। साथ ही गंभीर कुपोषित (SAM) बच्चों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के समस्त अधीक्षकों, बीसीपीएम एवं बीपीएम को सीएस प्रो ऐप पर संबंधित गतिविधियों की प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिनांक 01 अक्टूबर 2026 को सदर विधायक पंडित रवि शर्मा द्वारा किए जाने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतिभाग करने हेतु आमंत्रित किया। साथ ही समस्त ब्लॉक अधीक्षकों को निर्देशित किया गया कि ब्लॉक स्तर पर भी जनप्रतिनिधियों के माध्यम से संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ कराया जाए। रिपोर्ट अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.