झाँसी में राष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता का आगाज, सांसद अनुराग शर्मा ने किया शुभारंभ

झाँसी, 10 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश हॉकी के तत्वावधान में हॉकी इंडिया, नई दिल्ली द्वारा आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर नेशनल मेन चैंपियनशिप–2026 का भव्य शुभारंभ आज झाँसी में हुआ। 10 से 21 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में संपन्न हुआ।
 
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झाँसी-ललितपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद  अनुराग शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हॉकी उत्तर प्रदेश के निदेशक एवं अध्यक्ष डॉ. आर.पी. सिंह ने की। इस अवसर पर हॉकी एसोसिएशन ऑफ झाँसी के अध्यक्ष रॉय, हॉकी झाँसी के सचिव  सुधांशु खाण्डेकर तथा जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष डॉ. रोहित पाण्डेय सहित खेल जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
 
समारोह के दौरान अतिथियों का बुके भेंटकर स्वागत किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। देश के विभिन्न राज्यों की टीमों की सहभागिता से यह प्रतियोगिता झाँसी में खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।
 
इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ राष्ट्र का गौरव बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। झाँसी में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन क्षेत्र में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
 
प्रतियोगिता के प्रथम दिन विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए। शुरुआती मुकाबलों में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव, अरुणाचल प्रदेश, असम और हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा की टीमों ने जीत दर्ज की। खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
 
यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता आगामी 21 अक्टूबर तक चलेगी, जिसमें देशभर की टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। प्रतियोगिता के आयोजन से झाँसी को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलने के साथ-साथ स्थानीय खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.