झांसी मीडिया क्लब की बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन, नवंबर में चलेगा सदस्यता अभियान

झांसी। पत्रकारिता की गरिमा, संगठनात्मक एकजुटता और लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से रविवार को पत्रकार भवन में झांसी मीडिया क्लब की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान तथा संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सशक्त बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता झांसी मीडिया क्लब के अध्यक्ष मुकेश वर्मा ने की।
बैठक में संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं महामंत्री के पद रिक्त होने के विषय पर चर्चा करते हुए दोनों पदों पर निर्वाचन कराने के लिए सहमति व्यक्त की गई। निर्णय लिया गया कि संगठन की सदस्यता प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नवंबर माह में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 नवंबर से सदस्यता अभियान प्रारंभ होगा। 11 से 15 नवंबर तक सदस्यता फार्मों की जांच की जाएगी। 18 नवंबर को प्रारंभिक मतदाता सूची जारी की जाएगी, जबकि 19 नवंबर को सदस्यता एवं मतदाता सूची से संबंधित आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। 20 नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। वहीं, 24 नवंबर को आयोजित होने वाली आगामी बैठक में निर्वाचन की तिथि घोषित की जाएगी।
बैठक के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता और मार्गदर्शन को प्रोत्साहित करने की दिशा में वरिष्ठ पत्रकार जिलाध्यक्ष नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट इंडिया सोनिया पांडे को सर्वसम्मति से संरक्षक मंडल में सम्मिलित करने का निर्णय लिया गया। उपस्थित सदस्यों ने संगठन की एकता, पारस्परिक सहयोग और पत्रकारों के हितों से जुड़े विषयों पर सामूहिक रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
बैठक में इस बात पर भी बल दिया गया कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसके सदस्यों की एकजुटता, अनुशासन और परस्पर विश्वास में निहित होती है। इसी भावना के साथ झांसी मीडिया क्लब को अधिक सक्रिय, सशक्त और संगठित बनाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने पर सहमति बनी।
बैठक में कुंदन सोलंकी, दीप चंद्र चौबे, दीपक चंदेल, पंकज भारती, राहुल कोस्टा, नईम खान, शक्ति सिंह, रवि शर्मा, प्रमेंद्र सिंह, दीपक त्रिपाठी, रामकिशन अकेला, रानू साहू, अतुल वर्मा, बृजेश साहू, दीपक चौहान, राजीव सक्सेना, महेंद्र साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.