नगर निगम झाँसी एवं स्मार्ट सिटी की पहल पर राजगढ़ में विकसित सेल्फी पॉइंट का लोकार्पण

झांसी : मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे के मुख्य आतिथ्य में स्वच्छ एवं सुंदर झाँसी के निर्माण और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति को रोकने के उद्देश्य से नगर निगम झाँसी एवं स्मार्ट सिटी की पहल पर राजगढ़ में विकसित सेल्फी पॉइंट का लोकार्पण किया गया। इस पहल के माध्यम से नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मण्डलायुक्त बिमल दुबे, विशिष्ट अतिथि नगर आयुक्त अन्ना सूदन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, झाँसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड की गरिमामयी उपस्थिति रही। नगर निगम, स्मार्ट सिटी एवं बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पदाधिकारियों और वरिष्ठ सदस्यों ने इस पहल में सहभागिता की।मण्डलायुक्त ने कहा कि औद्योगिक वेस्ट के रचनात्मक पुनः उपयोग से विकसित यह सेल्फी पॉइंट पर्यावरण संरक्षण एवं संसाधनों के बेहतर प्रबंधन का प्रेरक उदाहरण है। इसका उद्देश्य नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने और कूड़ा न फैलाने के प्रति जागरूक करना है।
मंडलायुक्त बिमल दुबे ने पहल की सराहना करते हुए सामाजिक संगठनों एवं औद्योगिक संस्थानों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयासों से ऐसी पहलों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा सकता है।
नगर आयुक्त अन्ना सूदन ने कहा कि नगर निगम प्रशासन शहर की स्वच्छता एवं जनहित से जुड़ी सकारात्मक पहलों का स्वागत करता है। उन्होंने सामाजिक संगठनों एवं औद्योगिक संस्थानों को नए विचारों और प्रस्तावों के साथ नगर निगम कार्यालय आने के लिए आमंत्रित किया तथा आश्वस्त किया कि ऐसे प्रस्तावों पर विचार कर संबंधित संगठनों के सहयोग से शहर की स्वच्छता एवं बेहतर सामाजिक व्यवस्था के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएँगे।
इस अवसर पर बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष धीरज खुल्लर ने सेल्फी पॉइंट की परिकल्पना एवं उद्देश्य की जानकारी देते हुए नगर निगम प्रशासन, स्मार्ट सिटी और संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग से साकार हुई यह पहल स्वच्छ एवं सुंदर झाँसी के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देगी।
कार्यक्रम का संचालन अमित सिंह, संयुक्त सचिव, बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने किया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए सभी अतिथियों, अधिकारियों, चैंबर पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने में सामूहिक सहयोग का आह्वान किया।
इस अवसर पर चैंबर के महासचिव पवन सरावगी , लखनलाल गुप्ता , संजय राय, अतुल किलपन, राजू परवार, सुशील परेछा, राजीव मेहता तथा पिताम्बरा बुक्स से विवेक बंसल सहित चैंबर के अन्य वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। नगर निगम की ओर से नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीत, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राघवेंद्र तथा स्मार्ट सिटी के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने इस पहल का स्वागत करते हुए नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं औद्योगिक संस्थानों से स्वच्छ झाँसी, सुंदर झाँसी और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।
 
 
 
 
रिपोर्ट अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.