यूपी विधानसभा के मॉनसून सत्र के तीसरे दिन बनेगा चर्चा का रिकार्ड

उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र आज तीसरे दिन में प्रवेश कर गया है। आज का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है, क्योंकि सुबह 11 बजे से 'विकसित भारत, विकसित यूपी विजन डॉक्यूमेंट 2047' पर 24 घंटे तक लगातार चर्चा होगी। इस दौरान सरकार अपनी उपलब्धियां और भविष्य का विजन पेश करेगी, वहीं विपक्ष सवाल और सुझावों के जरिए सरकार को घेरेगा।

इस खास चर्चा के लिए 28 मंत्रियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो छह शिफ्टों में सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे। पहले चरण में सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक सामान्य चर्चा होगी, जिसमें सभी सदस्य भाग लेंगे। इसके बाद की चर्चा छह शिफ्टों में रात भर चलेगी।

विपक्ष की रणनीति: सपा का हमलावर रुख-

समाजवादी पार्टी ने इस चर्चा को लेकर कमर कस ली है। पार्टी के विधायक भाजपा पर पुराने वादों को लेकर निशाना साध रहे हैं। सपा विधायक आर.के. वर्मा ने कहा कि “भाजपा का विजन डॉक्यूमेंट तो हम पहले ही देख चुके हैं। सवाल है कि क्या काला धन वापस आया? क्या हर खाते में 15 लाख आए? क्या दो करोड़ रोजगार मिले?”

शिक्षा पर सरकार को घेरा-

सपा विधायकों पंकज पटेल, अनिल प्रधान और प्रभु नारायण यादव ने प्रदेश में शिक्षकों की भर्ती, स्कूलों के मर्जर और छात्र-शिक्षक अनुपात जैसे मुद्दों पर सवाल उठाए। इसके जवाब में बेसिक शिक्षा मंत्री ने सरकार का पक्ष रखा।

शिक्षा मित्रों के मानदेय पर भावुक सवाल-

सपा विधायक समरपाल ने शिक्षा मित्रों की खराब आर्थिक स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा, “मैं एक गांव गया तो एक शिक्षा मित्र रो पड़ा। उसने कहा कि इतने कम मानदेय में जीवन नहीं चल पा रहा, पत्नी तक छोड़कर चली गई।” उन्होंने शिक्षा मंत्री संदीप सिंह से गुज़ारिश की कि वे अपने दादा कल्याण सिंह की विरासत का सम्मान करते हुए शिक्षा मित्रों का मानदेय बढ़ाएं। इस पर मंत्री ने साफ कहा कि फिलहाल सरकार का ऐसा कोई विचार नहीं है।

फतेहपुर मामले पर गरमाया सदन-

सत्र के दूसरे दिन फतेहपुर की घटना को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने थे। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने सरकार पर तीखा हमला बोला, वहीं वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने उनके आरोपों का खंडन किया। सत्र का यह दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ गया।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.