चुनाव आयोग की समीक्षा के तुरंत बाद AAP ने चली बड़ी चाल, घोषित किए 40 उम्मीदवार
चंडीगढ़: पंजाब में भले ही 2027 के शुरुआती महीनों में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए चुनावी बिगुल फूंक दिया है। चुनाव आयोग (ECI) द्वारा राज्य में चुनावी तैयारियों का जिलावार जायजा लेने के तुरंत बाद AAP ने 40 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों (कांग्रेस और बीजेपी) को चौंका दिया है।
वक्त से पहले प्रत्याशी उतारने के पीछे क्या है AAP का प्लान?
2022 के चुनावों में 117 में से 92 सीटें जीतकर बंपर बहुमत हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी इस बार कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती। समय से पहले पहली सूची जारी करने के पीछे मुख्य मकसद उम्मीदवारों को अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर जनता से संवाद साधने और विरोधी ताकतों को संभलने का मौका न देने की रणनीति है।
ECI ने की थी पंजाब में चुनावी तैयारियों की व्यापक समीक्षा
इससे ठीक पहले बुधवार को भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) के वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त पवन कुमार शर्मा और उप चुनाव आयुक्त भानु प्रकाश येतुरु के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के सभी 23 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO), पुलिस आयुक्तों और SSP के साथ बैठक कर स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने की तैयारियों की समीक्षा की थी।
विपक्षी खेमे में मची हलचल
जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट से फिर उम्मीदवार बनाकर आप ने साफ संदेश दिया है कि वह अपने नेताओं के खिलाफ हुई केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध का मुद्दा बनाकर सीधे जनता की अदालत में ले जाएगी। पहली सूची आते ही पंजाब का सियासी पारा पूरी तरह गरमा गया है।

No Previous Comments found.