मंत्री प्रवेश वर्मा के थप्पड़कांड पर AAP का प्रदर्शन, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को लिया हिरासत में

दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान PWD मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा एक युवक को थप्पड़ मारने के मामले पर राजनीति गरमा गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने मंत्री के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग को लेकर मंगलवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया, जिसके बाद कई AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। यह घटना तब और गंभीर हो गई जब सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ दिखा कि मंत्री ने SHO के सामने युवक को थप्पड़ मारा था।

इस पूरे घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए 'AAP' नेताओं ने कहा कि "गुनेहगार बाहर मौज काट रहा है, क्योंकि वह सत्ता में है; और पीड़ित हिरासत में है, क्योंकि वह आम नागरिक है।" 'AAP' दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और नेता शैली ओबेरॉय ने आरोप लगाया कि एक 22 वर्षीय युवा भ्रष्टाचार का वीडियो बना रहा था, तभी मंत्री प्रवेश वर्मा ने बिना किसी उकसावे के उसे सरेआम थप्पड़ मारा, उसका फोन छीना और वहां से फरार हो गए। 'आप' ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मंत्री को बचाने की कोशिश की।

दूसरी ओर, इस विवाद का दायरा तब और बढ़ गया जब पुलिस ने तिलक नगर में AAP के प्रदर्शन की वीडियो बना रहे सादे कपड़ों में एक हेड कांस्टेबल के साथ कथित मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में सौरभ भारद्वाज, जरनैल सिंह और अन्य AAP कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली, जबकि साहिब सिंह के खिलाफ भी एक अलग मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, जब अरविंद केजरीवाल तिलक नगर के दौरे पर थे, तब AAP समर्थकों की भीड़ ने पुलिसकर्मी को घेरकर मारपीट की थी।

मंत्री प्रवेश वर्मा का कहना है कि उन्होंने AAP कार्यकर्ताओं के उकसावे के बाद प्रतिक्रिया दी थी, जबकि आम आदमी पार्टी इसे सत्ता के अहंकार और तानाशाही करार देते हुए मंत्री पर तुरंत सख्त कार्रवाई और FIR की मांग कर रही है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.