रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के खिलाफ प्रशासन सख्त...बीजेपी नेता अपर्णा यादव ने दी प्रतिक्रिया
उत्तर प्रदेश सरकार ने अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के खिलाफ सख्त कदम उठाना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद जिम्मेदार अधिकारी फील्ड पर नजर रख रहे हैं और अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। राजधानी लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने मुख्यमंत्री की पाती के संदर्भ में लोगों को जानकारी दी।
डालीबाग में छापेमारी अभियान
पुलिस ने डालीबाग क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के खिलाफ अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पलायन की सूचना सामने आई।
बीजेपी नेता अपर्णा यादव का बयान
यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष और बीजेपी नेता अपर्णा यादव ने बताया कि छापेमारी की सूचना मिलते ही लगभग 300 रोहिंग्या बस्ती से रातों-रात गायब हो गए। उन्होंने कहा कि सीएम योगी के सख्त रुख और कानूनी कार्रवाई के डर से यह पलायन हुआ। अपर्णा यादव ने यह भी कहा कि यह लोग बिना वैध दस्तावेज़ के प्रदेश में रह रहे थे और अपराधों में शामिल थे।
सपा का विरोध और राजनीतिक विवाद
सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने बीजेपी सरकार पर आरोप लगाया कि रोहिंग्या और घुसपैठियों का मुद्दा केवल राजनीतिक लाभ के लिए उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वास्तविकता यह है कि कुछ लोग पाकिस्तान और बांग्लादेश के रास्ते आई घुसपैठियों का समर्थन करते हैं और उन्हें बीजेपी की विचारधारा का समर्थन करने के लिए प्रचारित किया जाता है। फखरुल हसन ने कहा कि यह केवल बंटवारे और हिंदू-मुसलमान की राजनीति करने का प्रयास है।

No Previous Comments found.