ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद बोले राहुल-खरगे, हम मोदी सरकार के साथ...

भारतीय सेना ने पहलगाम हमले के बदला ले लिया। मंगलवार देर रात करीब 25 मिनट तक पाकिस्तान के 9 ठिकानों पर एयर स्ट्राइक हुई। भारत सेना से इस अभियान को 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम दिया। 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर कांग्रेस नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है।

बहादुर सैनिकों को सलाम: खरगे

बुधवार दोपहर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सेना को इस ऑपरेशन के लिए बधाई दी। खरगे ने कहा कि हम अपने बहादुर सैनिकों को सलाम करते हैं। सरकार की हर कार्रवाई का कांग्रेस समर्थन करती है। इस ऑपरेशन में हम मोदी सरकार के साथ हैं। खरगे ने आगे कहा कि आतंकी हमले के खिलाफ इंडी गठबंधन की हर पार्टी देश के साथ है।

राहुल गांधी ने कहा कि "हमने कांग्रेस कार्यसमिति में चर्चा की। सेना को हमारा पूरा समर्थन है। उन्हें इस ऑपरेशन के लिए शुभकामनाएं।

जिस तरह 22 अप्रैल को 5 आतंकियों ने देश के 26 लोगों को मौत के घाट उतारा था, उसके बाद देशवासियों के मन में आक्रोश और आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठ रही थी। मोदी सरकार ने सेना को आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए खुली छूट दी थी। देश के सभी राजनीतिक दलों ने इस हमले के खिलाफ एकजुटता दिखाते हुए कहा था कि मोदी सरकार जो भी फैसला लेगी, हम उसके साथ हैं।

इससे पहले खरगे ने उठाएं थे सवाल-

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पहलगाम हमले से निपटने के केंद्र सरकार के तरीके पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि पीएम मोदी को हमले से तीन दिन पहले खुफिया रिपोर्ट मिली थी। खरगे ने नागरिकों की सुरक्षा में विफल रहने के बावजूद उसी खुफिया जानकारी के आधार पर कथित तौर पर कश्मीर यात्रा रद करने के लिए प्रधानमंत्री की आलोचना की।

अन्य विपक्षी नेताओं ने क्या कहा-

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने सेना के ऑपरेशन पर कहा है, भारत की यह अडिग नीति होनी चाहिए कि पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकवाद के सभी स्रोतों का पूरी तरह से सफाया किया जाए और यह नीति हमेशा सर्वोच्च राष्ट्रीय हित से प्रेरित होनी चाहिए। यह समय एकता और एकजुटता का है।  22 अप्रैल की रात से ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस यह स्पष्ट रूप से कह रही है कि पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में राष्ट्र की कार्रवाई को लेकर सरकार को हमारा पूर्ण समर्थन रहेगा। कांग्रेस पार्टी हमारे सशस्त्र बलों के साथ पूरी मज़बूती से खड़ी है।

वहीं एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने लिखा है, मैं हमारी रक्षा सेनाओं द्वारा पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर किए गए लक्षित हमलों का स्वागत करता हूँ। पाकिस्तानी डीप स्टेट को ऐसी सख्त सीख दी जानी चाहिए कि फिर कभी दूसरा पहलगाम न हो। पाकिस्तान के आतंक ढांचे को पूरी तरह नष्ट कर देना चाहिए. जय हिन्द!

वहीं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है, हमें भारतीय सेना और अपने वीर जवानों पर गर्व है। आतंकवाद के ख़िलाफ़ इस लड़ाई में 140 करोड़ भारतवासी भारतीय सेना के साथ खड़े हैं। भारतीय सेना का साहस, हर देशवासी का विश्वास है। हम सब साथ हैं और आतंकवाद के ख़िलाफ़ एकजुट हैं।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.