डॉ एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में भारतीय वायु सेना दिवस पर गूंजा ऑपरेशन सिंदूर का शौर्यगान

आगरा : डॉ एमपीएस वर्ल्ड स्कूल आगरा के अतुल्य भारत सांस्कृतिक सभागार में भारतीय वायु सेना दिवस को पूरे हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया।
विद्यार्थियों ने भारतीय वायु सेना के वीर सपूतों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से भारतीय वीर सैनिकों की अटूट वीरता, पराक्रम और शौर्य का गुणगान किया। उन्होंने भारतीय वायु सेना दिवस के महत्व और प्रासंगिकता को विस्तार से दर्शाया, साथ ही भारतीय वायु सेना के योगदान और उनके द्वारा लड़े गए ऐतिहासिक युद्धों—जैसे 1947, 1965, 1971 और कारगिल युद्ध की गहन जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने यह भी बताया कि कैसे वायुसेना आपदा राहत और मानवीय सहायता मिशनों में देश की जीवनरेखा बनी है।
विद्यालय के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में भारतीय वायुसेना की महत्ता को व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय वायुसेना राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण और अद्वितीय सेवाभाव को दर्शाने वाली जीवंत मिसाल है। यह अवसर हमें उन बहादुरों को श्रद्धांजलि देने का है जिन्होंने राष्ट्र की सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका साहस, वीरता और समर्पण भारत की आने वाली पीढ़ियों को सतत प्रेरित करता रहेगा।
वायुसेना ने देश के लिए लड़े गए सभी युद्धों में निर्णायक भूमिका निभाई है। हमारी गरुड़ सेना ने न केवल समय पर सटीक वायु हमले किए हैं बल्कि युद्ध क्षेत्रों से भारतीय प्रवासियों को सुरक्षित निकाला है और सीमाओं के भीतर तथा बाहर मानवीय सहायता और आपदा राहत मिशनों के माध्यम से असंख्य लोगों को जीवनदान दिया है।
उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' जैसे महत्वपूर्ण मिशनों का उल्लेख करते हुए बताया कि चाहे वह शत्रु के विरुद्ध सटीक कार्रवाई हो या सुदूर क्षेत्रों में फँसे नागरिकों को बचाना हो, वायुसेना हमेशा सबसे आगे रही है। आज हमारी वायुसेना आधुनिकीकरण, नवाचार और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के साथ 21वीं सदी की हर चुनौती का सामना करने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। यह एक ऐसी ताकत है जो हर परिस्थिति में देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा करने का अदम्य संकल्प रखती है।
उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि इस वायुसेना दिवस पर हम सभी मिलकर भारतीय वायुसेना का सम्मान करें और उन पुरुषों और महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त करें जो हमारे आकाश की रक्षा करते हुए, हमारे भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ऊंची उड़ान भरते हैं। हमारी वायुसेना राष्ट्र की शक्ति और संकल्प का गौरवपूर्ण प्रतीक बनी रहेगी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन ने विद्यालय के अध्यक्ष को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना भारतीय सशस्त्र बलों में से एक है और भारतीय सुरक्षा प्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भारतीय वायुसेना ने सभी युद्धों में अपनी प्रगतिशीलता और सामर्थ्य का प्रदर्शन किया है।
इस अवसर पर विद्यालय के डीन एडमिनिस्ट्रेशन चंद्रशेखर डैंग,योगी चाहर,उजमा आदिल,आरजू शर्मा,पूजा यादव,आंचल सिंह,प्राची यादव,दिव्या खंडेलवाल,आशीष सारस्वत,भावना जादौन सहित सभी शिक्षकगण मौजूद रहे। मंच का संचालन छात्रा तनीषा इसरानी और ज़ाहिला तैमूल ने किया।
रिपोर्टर : अनुज उपाध्याय
No Previous Comments found.