जल्द ही गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण हेतु कार्य का होगा शुभारंभ-रानी पक्षालिका सिंह

आगरा :  विधायक बाह रानी पक्षालिका सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बाह विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र की जीवनरेखा कहे जाने वाले बाह-ऊदी मार्ग के चौड़ीकरण की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इस परियोजना पर लगभग रू 34 करोड़ की लागत से कार्य कराया जाएगा। विधायक रानी पक्षालिका सिंह ने बताया कि इस सड़क के चौड़ीकरण से न केवल क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुचारु होगी, बल्कि ग्रामीण अंचलों को बेहतर संपर्क मार्ग भी प्राप्त होगा, जल्द ही गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण हेतु कार्य का शुभारंभ होगा। इसके साथ ही आगरा,बाह और बटेश्वर जैसे ऐतिहासिक व धार्मिक पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी, जिससे पर्यटन को नया प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह सब प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगातार हो रहे विकास कार्यों की देन है। विधायक ने अपने प्रस्ताव पर सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 34 करोड़ की धनराशि निर्गत करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया है। उन्होंने कहा है कि सड़क के चौड़ीकरण , सुदृढ़ीकरण से बाह और आस-पास के गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी की सुविधा मिलेगी, आवागमन सुगम हो जाएगा। क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण हेतु धनराशि स्वीकृत कराने हेतु गंभीर प्रयास किए गए,जनता की सुविधा और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रदेश सरकार का यह निर्णय बाह के विकास हेतु एक नया अध्याय है।


रिपोर्टर : अनुज उपाध्याय

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.