समाधान समारोह न्याय सुलभता एवं सौहार्दपूर्ण विवाद निस्तारण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल

आगरा - राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली व उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशानिर्देश पर जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय कुमार मलिक के मार्गदर्शन में यह निर्देशित किया गया है कि न्याय को सरल एवं सुलभ तरीके से घर-घर तक पहुंचाने तथा आपकी सहभागिता और सहमति से न्याय की भावना को मूर्त रूप देने के लिए भारत के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा समाधान समारोह 2026 का आयोजन 21 अप्रैल से आरंभ किया गया है जिसकी प्रणति _21, 22 तथा 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत_ के आयोजन के साथ होगी। विशेष लोक अदालत का आयोजन सर्वोच्च न्यायालय परिसर में 21, 22 तथा 23 अगस्त, 2026 को किया जायेगा। जिसमें सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामले शामिल किए जाएंगे, विशेष लोक अदालत से पूर्व बैठकों का आयोजन राज्य/ जिला /तालुका /उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरण/ समिति, स्थित मध्यस्थता केंद्र, आगरा में प्रारंभ कर दिया गया है। इस समाधान समारोह में विशेष लोक अदालत के आयोजन का लक्ष्य सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों का सुलाह एवं आपसी सहमति से निष्पादन करना है। पंकज कुमार-I, सचिव पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आगरा के द्वारा यह बताया गया कि लोक अदालत में पक्षकारों को त्वरित न्याय के साथ-साथ समय एवं धन की बचत का अवसर प्राप्त होता है। जनपद आगरा के वादकारियों से अपील की जाती है कि वे अपने लंबित मामलों का निस्तारण आपसी समझौते के माध्यम से कराकर इस विशेष लोक अदालत का अधिकतम लाभ उठाएं। यह समाधान समारोह न्याय सुलभता एवं सौहार्दपूर्ण विवाद निस्तारण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे आमजन को शीघ्र एवं प्रभावी न्याय प्राप्त हो सकेगा। 

रिपोर्टर - अनुज उपाध्याय

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.