नगला लालदास में महिला स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का सफल आयोजन

आगरा :  महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इंडियन मेनोपॉज सोसायटी (IMS) के तत्वावधान में आज ग्राम नगला लालदास, रैभा में एक विशेष महिला स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक किया गया। शिविर में ग्रामीण महिलाओं को गर्भाशय के मुँह के कैंसर, स्तन कैंसर तथा ऑस्टियोपोरोसिस (हड्डियों की कमजोरी) के प्रति जागरूक किया गया। विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं को इन रोगों के लक्षण, बचाव, समय पर जांच तथा उपचार के महत्व के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी गई। शिविर के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिनमें:

* हीमोग्लोबिन (Hb) की जांच
* ब्लड शुगर की जांच
* हड्डियों की मजबूती की जांच (BMD)
* स्तन एवं गर्भाशय के मुँह के कैंसर के प्रति जागरूकता
* ऑस्टियोपोरोसिस से बचाव संबंधी जानकारी
* सैनिटरी पैड का निःशुल्क वितरण

शिविर में ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना तथा उन्हें यह संदेश देना था कि समय पर जांच और जागरूकता से कई गंभीर बीमारियों की पहचान एवं रोकथाम संभव है। इस अवसर पर डॉ. सीमा सिंह, अध्यक्ष, आगरा मेनोपॉज सोसायटी तथा डॉ. नीलम सिंह, सचिव, आगरा मेनोपॉज सोसायटी के साथ डॉ. अनीता शर्मा, डॉ. शेली सिंह, डॉ. संगीता चतुर्वेदी, डॉ. संगीता साहू, डॉ. मनीषा, श्रीमती अर्निका माहेश्वरी, श्री सत्यशील वार्ष्णेय, श्री महेंद्र सिंह, लैब टेक्नीशियन श्रीमती आरती एवं श्रीमती ममता शर्मा ने शिविर में सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग प्रदान किया। सभी प्रतिभागियों ने ग्रामीण महिलाओं तक स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी एवं आवश्यक जांच सुविधाएं पहुँचाने के इस प्रयास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सहयोग से शिविर को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सका। चिकित्सकों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं तक स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी और जांच की सुविधाएं पहुँचाना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से महिलाओं को अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया जा सकता है। आयोजकों ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, सहयोगियों तथा ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया।

रिपोर्टर : अनुज उपाध्याय

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.