आगरा में 25 अक्टूबर को लगेगा मेगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
आगरा : जनहित में आगामी रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक मेगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हॉस्पिटल परिसर में किया जा रहा है। इस शिविर का उद्देश्य आमजन को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना, बीमारियों की समय पर पहचान के प्रति जागरूक करना तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाना है।
इस संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सर्वोत्तम सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. राहुल देव शर्मा, डॉ. पवन राजपूत, डॉ. नवनीत गुप्ता एवं हॉस्पिटल के यूनिट हेड श्री रिजवान हुसैन ने शिविर की जानकारी साझा करते हुए आमजन से इसमें अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। इस मेगा स्वास्थ्य शिविर में आँखों की जाँच, बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं सामान्य बाल रोगों से संबंधित परामर्श, बच्चों में सर्जरी से संबंधित समस्याओं एवं जन्मजात विकारों के लिए विशेषज्ञ परामर्श मिलेगा।
डॉ. राहुल देव शर्मा ने कहा कि समय पर बीमारी की पहचान और उचित चिकित्सकीय परामर्श कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों में जन्मजात समस्याओं, सर्जरी की आवश्यकता वाली स्थितियों और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे शिविर लोगों को सही विशेषज्ञ तक पहुँचने और समय रहते उचित मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं। डॉ. पवन राजपूत एवं डॉ. नवनीत गुप्ता ने भी स्वास्थ्य जागरूकता और नियमित स्वास्थ्य जाँच के महत्व पर जोर देते हुए नागरिकों से शिविर में भाग लेने की अपील की। हॉस्पिटल के यूनिट हेड रिजवान हुसैन ने बताया कि शिविर के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। हॉस्पिटल का प्रयास है कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों से परामर्श और आवश्यक प्राथमिक स्वास्थ्य जाँच की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
रिपोर्टर : पुष्पेंद्र

No Previous Comments found.