तीन डिग्री तापमान में 21 किमी दौड़े 68 वर्षीय मोहन सिंह आर्य, आयु वर्ग में हासिल किया पांचवां स्थान
आगरा - हाड़ कंपाने वाली ठंड और करीब तीन डिग्री सेल्सियस तापमान भी आगरा के 68 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय एथलीट मोहन सिंह आर्य के हौसले को डिगा नहीं सका। अरुणाचल प्रदेश में शनिवार को भारतीय सेना की ओर से आयोजित तवांग मैराथन में उन्होंने अपने आयु वर्ग में पांचवां स्थान हासिल कर अपनी फिटनेस और खेल के प्रति जुनून का परिचय दिया।
मोहन सिंह आर्य ने 21 किलोमीटर की दौड़ दो घंटे 36 मिनट में पूरी की। इस मैराथन में देशभर से आए सेना के प्रतिभागियों और अन्य धावकों ने हिस्सा लिया। कड़ाके की ठंड और बेहद कम तापमान के बीच दौड़ पूरी करना उनके लिए बड़ी उपलब्धि रही। 68 वर्ष की उम्र में भी कायम है दौड़ने का जुनून मोहन सिंह आर्य उम्र के इस पड़ाव पर भी लगातार खेल के प्रति समर्पित हैं। उनका प्रदर्शन युवाओं के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने यह साबित किया कि दृढ़ इच्छाशक्ति, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर कठिन से कठिन लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। मोहन सिंह आर्य भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल), आगरा में मुख्य लेखाधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हैं। वह आगरा के विभव नगर में रहते हैं।
तवांग मैराथन में उनके इस प्रदर्शन से खेल प्रेमियों में उत्साह है। 68 वर्ष की उम्र में कठिन परिस्थितियों के बीच 21 किलोमीटर की दौड़ पूरी करना उनकी मेहनत, लगन और मजबूत इच्छाशक्ति को दर्शाता है।
रिपोर्टर - लखन यादव

No Previous Comments found.