सर्वोत्तम सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल में हुई अत्याधुनिक सर्जरी
फैमिलियल एडिनोमेटस पॉलीपोसिस से पीड़ित बच्चे का सर्वोत्तम हॉस्पिटल में सफल ऑपरेशन: डॉ. राहुल देव
सर्वोत्तम सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल में हुई अत्याधुनिक सर्जरी, स्वस्थ होने पर बच्चे को मिली अस्पताल से छुट्टी
आगरा- चिकित्सा के क्षेत्र में आगरा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए सर्वोत्तम सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, सिकंदरा, आगरा में फैमिलियल एडिनोमेटस पॉलीपोसिस सिंड्रोम (Familial Adenomatous Polyposis – FAP) से पीड़ित एक बच्चे की अत्यंत जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। अस्पताल के अनुसार, इस प्रकार की सर्जरी आगरा क्षेत्र में पहली बार की गई है।
फैमिलियल एडिनोमेटस पॉलीपोसिस एक दुर्लभ आनुवंशिक बीमारी है, जिसमें बड़ी आंत और मलाशय में बड़ी संख्या में पॉलिप्स विकसित हो जाते हैं। समय पर उचित उपचार न मिलने पर इन पॉलिप्स के कैंसर में परिवर्तित होने का अत्यधिक खतरा रहता है। बच्चों में इस बीमारी का उपचार विशेष चुनौतीपूर्ण होता है और इसके लिए विशेष सर्जिकल विशेषज्ञता की आवश्यकता होती है।
बच्चे का ऑपरेशन डॉ. राहुल देव शर्मा, कंसल्टेंट लैप्रोस्कोपिक एवं रोबोटिक पीडियाट्रिक सर्जन एवं पीडियाट्रिक यूरोलॉजिस्ट द्वारा किया गया। इसमें टोटल कोलेक्टॉमी एवं प्रोक्टोकोलेक्टॉमी के साथ इलियो-एनल एनास्टोमोसिस (Ileoanal Anastomosis) की जटिल प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की गई। इस सर्जरी का उद्देश्य रोगग्रस्त बड़ी आंत एवं मलाशय को हटाकर छोटी आंत को गुदा मार्ग से जोड़ना है, ताकि बच्चे की प्राकृतिक रूप से मल त्याग करने की क्षमता को यथासंभव बनाए रखा जा सके।
ऑपरेशन के बाद बच्चे की स्थिति में लगातार सुधार हुआ। बच्चा अब स्वस्थ है और सफल उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
डॉ. राहुल देव शर्मा ने बताया कि इस तरह की आनुवंशिक बीमारी में समय पर पहचान, उचित सर्जिकल प्रबंधन और लंबे समय तक नियमित फॉलोअप अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ऐसे बच्चों के परिवार के अन्य सदस्यों की भी आवश्यकता अनुसार जांच और जेनेटिक काउंसलिंग कराई जानी चाहिए।
संवाददाता - अनुज उपाध्याय

No Previous Comments found.