कार्टून पात्रों की मस्ती ने बच्चों के उत्साह में लगाए चार चाँद

आगरा - प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में बाल दिवस के अवसर पर एक विशेष एवं उल्लासपूर्ण प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। बच्चों के प्रति प्रेम, स्नेह और आत्मीयता से परिपूर्ण इस आयोजन ने विद्यालय परिसर को खुशियों और उमंगों से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम का संचालन फीनिक्स सदन की सदन प्रभारी नीमा साहनी ने उत्साह एवं आत्मीयता के साथ किया। इस विशेष अवसर पर शिक्षकों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें देखकर विद्यार्थी खुशी से झूम उठे। वहीं, डोरेमोन और मिकी माउस जैसे लोकप्रिय कार्टून पात्रों की उपस्थिति ने बच्चों के आनंद और उत्साह को दोगुना कर दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील  गुप्ता ने सभी विद्यार्थियों को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चा अपनी विशिष्ट प्रतिभा और संभावनाओं के साथ अद्वितीय है। उन्होंने बच्चों को अपनी रुचियों एवं क्षमताओं को पहचानने, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने तथा अच्छे संस्कारों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा सहजपाल ने विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ एवं आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बच्चों को सदैव प्रसन्न रहने, अपने सपनों को साकार करने तथा मेहनत, अनुशासन और सदाचार के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

यह आयोजन शिक्षक-विद्यार्थियों के बीच स्नेह और विश्वास के संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाने वाला रहा। इसने बच्चों को यह सुखद अनुभूति कराई कि विद्यालय केवल ज्ञान अर्जन का केंद्र ही नहीं, बल्कि प्रेम, अपनत्व, आनंद और संस्कारों से जुड़ा एक परिवार भी है।

कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ एवं उपहार प्रदान करने के साथ हुआ। बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान और वातावरण में गूँजती खुशियों ने इस आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया। अंत में विद्यालय की शिक्षिका गीतिका सहगल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

रिपोर्टर - अनुज उपाध्याय

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.