योगी सरकार का 10वां बजट पेश, किसानों के लिए बड़ी सौगातें-

योगी सरकार का 10वां बजट पेश, किसानों के लिए बड़ी सौगातें-

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने विधानसभा में अपना 10वां और मौजूदा कार्यकाल का अंतिम बजट पेश किया। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करते हुए किसानों के हित में कई अहम घोषणाएं कीं। बजट में गन्ना मूल्य में 30 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि का ऐलान किया गया है, जिससे प्रदेश के गन्ना किसानों को करीब 3,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलने का अनुमान है।

सरकार ने दावा किया कि अपने कार्यकाल में अब तक 3,04,321 करोड़ रुपये से अधिक का रिकॉर्ड गन्ना भुगतान कराया गया है, जो पिछले 22 वर्षों के कुल 2,13,519 करोड़ रुपये के भुगतान से 90,802 करोड़ रुपये अधिक है। पेराई सत्र 2025-26 के लिए बढ़ाई गई नई दरें किसानों को सीधा फायदा पहुंचाएंगी।

फसल खरीद के आंकड़े पेश करते हुए बताया गया कि रबी विपणन वर्ष 2025-26 में 10.27 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद कर 2,512 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। वहीं खरीफ विपणन वर्ष में 42.96 लाख मीट्रिक टन धान खरीदकर 9,710 करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों को दी गई। इसके अलावा 54,253 किसानों से 2.14 लाख मीट्रिक टन बाजरा खरीदकर 595 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।

सरकार ने यह भी बताया कि 1 अप्रैल 2023 से नलकूपों के लिए मुफ्त बिजली दी जा रही है। वर्ष 2025-26 में 10,257 करोड़ रुपये का अल्पकालिक फसली ऋण वितरित कर 15 लाख से अधिक किसानों को लाभ पहुंचाया गया। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान सम्मान निधि के तहत करोड़ों किसानों को हजारों करोड़ रुपये की सहायता दी गई है।

सरकार ने भरोसा जताया कि ये कदम किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होंगे।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.