कोकणगांव हत्या कांड : आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर 9 फरवरी से परिवार सहित आमरण अनशन की चेतावनी

अहिल्यानगर : श्रीगोंदा तहसील के कोकणगांव में दिनांक 16 जनवरी 2026 को सशस्त्र हमले में नृशंस रूप से हत्या किए गए भाऊसाहेब नामदेव रजपूत के हत्या प्रकरण में मुख्य आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं किए जाने से मृतक के परिवारजनों में तीव्र आक्रोश व्याप्त है।

मृतक के पुत्र सुरज भाऊसाहेब रजपूत तथा पत्नी दया भाऊसाहेब रजपूत ने श्रीगोंदा के तहसीलदार को दिए गए निवेदन में आरोप लगाया है कि महेश चव्हाण, शैला चव्हाण, मनसुख चव्हाण, आयुर भोसले एवं उनके अन्य साथी इस हत्या में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होने के बावजूद खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर बाद में बिना किसी ठोस कार्रवाई के छोड़ दिया।

घटना के बाद से रजपूत परिवार भय के माहौल में जीवन व्यतीत कर रहा है। परिवार का कहना है कि रात के समय अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उनके घर पर पथराव किया जा रहा है, जिससे उनके जान-माल को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। इसलिए परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग की गई है।
निवेदन में परिवारजनों ने सभी मुख्य एवं अन्य आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने, पहले छोड़े गए व्यक्तियों को भी इस अपराध में आरोपी बनाने तथा पूरे परिवार को पुलिस संरक्षण देने की स्पष्ट मांग की है।

यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो रजपूत परिवार ने दिनांक 9 फरवरी 2026 को तहसील कार्यालय के समक्ष परिवार सहित आमरण अनशन करने की चेतावनी दी है। इस घटनाक्रम से क्षेत्र में तनाव का वातावरण बन गया है और अब प्रशासन की भूमिका पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
रिपोर्टर : अमर घोडके 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.