25 मई को कुकडी परियोजना का दूसरा आवर्तन शुरू

25 मई को कुकडी परियोजना का दूसरा आवर्तन शुरू; श्रीगोंदा क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत:विधायक विक्रमसिंह पाचपुते

अहिल्यानगर- ‘एल नीनो’ के प्रभाव के कारण राज्य में गंभीर जलसंकट की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में कुकडी परियोजना से पानी छोड़े जाने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी। लेकिन श्रीगोंदा के  विधायक विक्रमसिंह पाचपुते के लगातार प्रयासों के बाद जलसंपदा मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटील ने मुख्यमंत्री स्तर पर चर्चा कर मध्य मार्ग निकाला। इसके बाद जलसंपदा विभाग ने 25 मई 2026 से कुकडी बांध से ग्रीष्मकालीन दूसरा आवर्तन छोड़ने का निर्णय लिया है।

इस निर्णय से श्रीगोंदा तालुका के लाभक्षेत्र में आने वाले किसानों की फसलों तथा पेयजल व्यवस्था को बड़ा सहारा मिलेगा। वर्तमान में कुकडी परियोजना के बांधों में लगभग 17.67 प्रतिशत उपयोगी जलसंग्रह शेष है। जलसंग्रह कम होने के बावजूद भीषण गर्मी और किसानों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक विक्रमसिंह पाचपुते ने कुकडी आवर्तन शुरू करने के इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री तथा अहिल्यानगर जिले के पालकमंत्री एवं जलसंपदा मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटील का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह भी कहा कि घोड परियोजना के आवर्तन का भी बेहतर नियोजन किया गया है।

विधायक पाचपुते ने किसानों से अपील की है कि उपलब्ध जलसंग्रह सीमित होने के कारण आवर्तन के पानी का उपयोग बेहद सावधानी और बचत के साथ करें। साथ ही पानी की बर्बादी रोकने के लिए प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें।


रिपोर्टर:अमर घोडके

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.